Weather News: गया और भभुआ में जमकर हो रही बारिश, अगले 48 घंटे में भारी वर्षा का अलर्ट जारी
गया जिले में बीते 24 घंटा के अंदर 20 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। बीती रात में भी खूब बारिश होती रही। आज सुबह से भी हल्की बारिश हो रही है। अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
गया, जागरण संवाददाता। गया जिले में बीते 24 घंटा के अंदर 20 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। कल शाम से रिमझिम बरसात रुक-रुक कर हो रही है। बीती रात में भी खूब बारिश होती रही। आज सुबह से भी हल्की बारिश हो रही है। आसमान काले बादलों से ढका हुआ है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले 48 घंटे में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। बुधवार को भी दोपहर में अच्छी बारिश हुई थी। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान बताया गया है। अगस्त माह में हो रही बारिश से जहां खेतीबारी को काफी फायदा पहुंच रहा है। वहीं तापमान भी नीचे आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गया का मौसम इन दिनों बेहद सुहावना हो चला है। लोगों को यहां पहाड़ों जैसा मौसम का एहसास हो रहा है।
हालांकि बारिश की वजह से गया शहरी क्षेत्र के कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है। कई जगहों पर जर्जर सड़कों, गड्ढे वाले रास्तों में बारिश से पानी भर गया है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है।
भभुआ में भी जमकर बरसात
भभुआ में भी अगस्त महीने के 11 दिनों में जमकर बारिश हुई है। बारिश से जिले में जनजीवन अस्त - व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश लोगों के लिए अब परेशानी का कारण बनती जा रही है। लोगों के सामने रोजी - रोजगार का भी संकट आने लगा है। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि सभी प्रखंडों में वर्षामापी यंत्र लगाया गया है। उससे प्रखंड में होने वाली बारिश का आंकड़ा ध्यान में रखा जाता है। हर दिन रिपोर्ट सुबह आठ बजे आती है। अगस्त महीने में अब तक 150 एमएम बारिश हो चुकी है। जिले भर में सबसे अधिक बारिश भगवानपुर के प्रखंड क्षेत्रों में हुई है। बारिश के बाद नदियां सक्रिय हो गई हैं। नदियों से पानी होते हुए मोहनियां अनुमंडल के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात कर दिए है।