बिहार से फरार हो गया यूपी का शातिर चोर, इस तरह भागा कि पुलिस भी नहीं कर पा रही यकीन
उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का एक शातिर चोर बिहार के अस्पताल से फरार हो गया। अस्पताल के बंदी वार्ड की ग्रिल काटकर वह भाग निकला। पुलिस की तमाम चौकसी के बावजूद उसके फरार होने की घटना से सनसनी फैल गई है।
सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। चार दिन पूर्व इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया एक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार कैदी यूपी (Uttar Pradesh) के प्रतापगढ़ जिला के बेती गांव का रहने वाला है। उसका नाम दीपक यादव बताया गया है। सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच की। गिरफ्तार कैदी वार्ड की खिड़की की ग्रिल काटकर फरार हो गया। इस घटना से पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। तमाम चौकसी के बावजूद वह भागने में सफल कैसे हो गया।
बिजली तार की चोरी मामले मे किया गया था गिरफ्तार
नगर थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का बेती गांव निवासी दीपक यादव को चार दिन पूर्व नासरीगंज बाजार में विद्युत तार चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। यहीं से वह फरार हो गया। हैरत की बात तो यह कि अस्पताल का ग्रिल काटकर वह भाग निकला लेकिन वहां मौजूद पुलिस वालों को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद कैसे हुआ ऐसा
सदर अस्पताल में दो माह पूर्व हुई मारपीट की घटना के बाद से 24 घंटे तक एक एसआइ और आधा दर्जन सिपाहियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा अस्पताल के निजी गार्ड भी ड्यूटी पर रहते हैं। इतनी सुरक्षा होने के बावजूद एक कैदी ग्रिल काटकर भाग निकला और किसी को भनक भी नहीं लगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। साथ ही फरार चोर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हालांकि कैदी वार्ड से विचाराधीन बंदी के भागने की यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी कई बार सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में इलाजरत बंदी के भागने की घटना घट चुकी है। जिसमें तैनात सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है।