औरंगाबाद से दो व्यक्ति का अपहरण, पुलिस ने दोनों को किया बरामद, अजीब है अपहरण की कहानी
औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ स्थित जिनोरिया से दो व्यक्तियों के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहृत स्वरूप राम द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। अपहरण का कारण समझ से परे है। हसपुरा पुलिस ने दोनों अपह्रत को बरामद किया।
दाउदनगर (औरंगाबाद), संवाद सहयोगी। औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ स्थित जिनोरिया से दो व्यक्तियों के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहृत स्वरूप राम द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। स्वरूप पौथू थाना के सोनबरसा गांव के निवासी हैं, जबकि साथ अपहृत सोनू कुमार हसपुरा थाना के बख्तियारपुर का निवासी बताया जाता है। स्वरूप राम सोनू का मौसा बताए जाते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में बख्तियारपुर निवासी धर्मेंद्र पासवान और मोहम्मदपुर निवासी श्रीकांत कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है।
प्राथमिकी आवेदन में कहा गया है कि शुक्रवार की रात जिनोरिया के पास एक कार से अपहरण कर स्वरूप राम को पावर गंज ले जाया गया। वहां से फिर लौटते वक्त कारा मोड़ पर सोनू से मुलाकात हुई। दोनों को अपहृत कर अपहरणकर्ता आरोपित बख्तियारपुर ले गए। वहां एक झाड़ी के आसपास दोनों को पैर बांधकर खूब पीटा। आरोपित धर्मेंद्र द्वारा घर से एक नाली बंदूक लेकर आने की बात कही गई, जिसे कहा गया कि उसने झाड़ी में फेंक दिया।
सोनू के परिजन को घटनाक्रम की सूचना मिली तो उसने हसपुरा पुलिस को इसकी जानकारी दी। हसपुरा पुलिस ने आकर दोनों को बरामद किया और बंदूक भी जब्त किया। चूंकि अपहरण का घटनास्थल दाउदनगर थाना क्षेत्र है इसलिए अपहृत दोनों व्यक्तियों को दाउदनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जहां अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए स्वरूप राम द्वारा आवेदन दिया गया है। पुलिस के अनुसार हथियार जब्ती का मामला हसपुरा थाना में दर्ज किया जा रहा है, क्योंकि घटना स्थल हसपुरा थाना क्षेत्र है।