अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत, ऑटो पलट जाने से एक सवार व डूबने से मजदूर की गई जान
अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। नवादा में ऑटो पलट जाने से उसमें सवार करीब 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। वहीं औरंगाबाद के दाउदनगर में एक युवक नहर में डूब गया।
By Vyas ChandraEdited By: Published: Wed, 17 Feb 2021 04:14 PM (IST)Updated: Wed, 17 Feb 2021 04:14 PM (IST)
संस, नवादा। नवादा-हिसुआ मार्ग पर बड़ैल गांव के समीप ऑटो पलटने से बुधवार को एक यात्री की मौत हो गई। अन्य सवार मामूली रूप से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के उमराव बिगहा गांव निवासी राम नरेश चौहान के पुत्र मंटू चौहान के रूप में की गई है। बताया जाता है कि ऑटो नवादा से हिसुआ की तरफ जा रहा था। बताया जाता है कि अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, इस कारण ऑटो पलट गया। उसके नीचे दबने से मंटू चौहान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ऑटो पर सवार तीन अन्य लोग मामूली रूप से चोटिल हुए। पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। मंटू डीजे संचालक था। उसकी मौत से परिवार वालों का विलाप वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर गया।
नहर में डूबने से युवक की मौत दाउदनगर मौलाबाग नहर पुल की घटना
दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर शहर स्थित कूचा गली निवासी सीताराम साव के 22 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र साव की मृत्यु बुधवार की सुबह नहर में डूबने से हो गई। बाजार-भखरुआं रोड में मौला बाग स्थित नहर पुल के पास घटना घटी। मृतक की उम्र 22 वर्ष के आसपास थी। घटनास्थल पर उसका चप्पल और कपड़ा मिला है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि पैर फिसल जाने के कारण वह नहर में गिर गया। यह देखकर लोगों ने बचाने का प्रयास भी किया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में गोताखोर से शव निकलवाया गया। मृतक के भाई वार्ड पार्षद दिनेश प्रसाद ने बताया कि धर्मेंद्र मजदूरी करता था। दाउदनगर में नहर की तरफ शौच के लिए जाया करता था। पुल के किनारे उसका चप्पल और कपड़ा मिला। उसका विवाह आठ वर्ष पूर्व आ था। उसे एक ढाई वर्ष की बेटी नैना कुमारी और एक डेढ़ वर्षीय बेटा आयुष कुमार है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें