लूट व छिनतई के आरोप में दो भाई बिजवन गांव से गिरफ्तार, सात मोबाइल बरामद, हाल ही में लूटे थे 70 हजार
रजौली थाना क्षेत्र के बिजवन गांव निवासी लल्लू मिश्रा के पुत्र राजेश मिश्रा व मुकेश मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से सात मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। अरमान अंसारी से 70 हजार रुपये लूट में संलिप्तता स्वीकार की है।
नवादा : नगर थाना की पुलिस ने लूटपाट व छिनतई के आरोप में दो सहोदर भाईयों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना पर रजौली थाना क्षेत्र के बिजवन गांव निवासी लल्लू मिश्रा के पुत्र राजेश मिश्रा व मुकेश मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से सात मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। नगर थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। दोनों ने गत माह कोलकाता से नवादा पहुंचे मो. अरमान अंसारी से 70 हजार रुपये लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
खुद को वारिसलीगंज का बताया था निवासी
गौरतलब है कि गत माह अपनी बहन की सगाई में भाग लेने के लिए वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मिल्की गांव निवासी मो. मुमताज अंसारी का पुत्र मो. अरमान अपने घर लौट रहा था। पुलिस को पीड़ित ने बताया था कि वह कोलकाता से नवादा पहुंचा। सद्भावना चौक पर बस से उतरने के बाद पैदल तीन नंबर बस पड़ाव की ओर निकल गया, ताकि वहां से वारिसलीगंज के लिए बस पकड़ सके। इसी दौरान सद्भावना चौक पर एक युवक ने खुद को वारिसलीगंज निवासी बताते हुए साथ चल दिया। बातचीत के क्रम में उसने मेरा बैग ले लिया। नवादा शहर स्थित सदर अस्पताल पहुंचते ही एक बाइक सवार पहुंचा और साथ रहा युवक बाइक पर सवार होकर भाग निकला। बैग में 70 हजार रुपये नगद, एंड्रायड मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कपड़े समेत अन्य कागजात थे।
दोनों को उनके घर से दबोच लिया गया
लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई थी। गहन छानबीन और सूक्ष्म जांच में पुलिस को दोनों के बारे में जानकारी मिली। गुप्त सूचना मिलते ही दोनों को उनके घर से दबोच लिया गया। लूटपाट और मोबाइल छिनतई की अन्य घटनाओं में भी दोनों शामिल रहे हैं। बरामद मोबाइल के बारे में कहा जा रहा है कि किसी से छीना गया है। पुलिस अभी और जानकारी जुटा रही है।