बरात से लौट रहे वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो की मौत, रामपुर में पेट्रोल पंप का पास हुआ हादसा
रामपुर प्रखंड के बेलांव थाना क्षेत्र के सबार भभुआ मुख्य पथ पर बेलांव पेट्रोल पंप के पास सोमवार की सुबह बरात से लौट रही मैजिक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। दोनों इटवां गांव के हैं।
संवाद सूत्र, रामपुर (भभुआ)। रामपुर प्रखंड के बेलांव थाना क्षेत्र के सबार भभुआ मुख्य पथ पर बेलांव पेट्रोल पंप के पास सोमवार की सुबह बरात से लौट रही मैजिक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक बेलांव थाना क्षेत्र के इटवां गांव के हैं। जिनकी नाम स्व. दीनानाथ तिवारी का पुत्र उमेश तिवारी 35 वर्ष व बाढु राम का पुत्र श्रीभगवान राम 21 वर्ष है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह दोनों बाइक से बेलांव गेहूं पिसा कर आटा ले जाने के लिए आए थे। जब आटा मिल से आटा नहीं मिल पाया तो वह बेलांव में पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाने के बाद अपने गांव इटवा जा रहे थे। इसी बीच भभुआ की तरफ से बरात लेकर लौट रही तेज रफ्तार में रही मैजिक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद टक्कर मार कर मैजिक चालक भागने लगा। भागने के दौरान एक पोल में भी टकराया। जिसमें मैजिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं मैजिक वाहन से कूद कर चालक भाग गया। इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों द्वारा तत्काल दोनों घायलों को भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया। वहीं घटना की सूचना पर परिजन भी पहुंचे। भभुआ सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों घायलो को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन, वाराणसी ट्रामा सेंटर में पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांचोपरांत दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि बेलांव पेट्रोल पंप के पास घटना स्थल पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची बेलांव थाने की पुलिस भी पहुंच गई। लोगों द्वारा पुलिस को मैजिक वाहन में सवार दो लोगों को पकड़ कर सौंपा गया। जिन्हें हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि करमचट थाना क्षेत्र के अमाव गांव के सरोज कुमार के पुत्र की बरात लेकर टक्कर मारने वाला मैजिक वाहन मोहनिया के पानापुर से आ रहा था। इसी बीच बेलाव पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार में बाइक में टक्कर मार दी। वही चालक मौके से फरार हो गया।
उधर वाराणसी में दोनों की मौत की पुष्टि होने पर परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल आए, जहां दोनों के शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद शव को परिजन लेकर गांव गए। शव को गांव लेकर आने पर कोहराम मच गया। सुबह में ही घटना होने के चलते गांव में किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला। सभी लोग उदास होकर जहां तहां बैठे थे।