Accident in Rohtas: छठ करने जाने के दौरान ट्रक ने मारी टक्कर, छह वर्षीय बच्चे की मौत, मां-चाचा गंभीर रूप से जख्मी
डेहरी ओन सोन नगर थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक बच्चे की मौत हो गई। मां व चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। आवागमन बाधित हो गया।
जेएनएन, रोहतास/गया। नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो डेहरी श्मशानघाट घाट के समीप बुधवार की दोपहर बालू लदे ट्रक की चपेट में अाने से बाइक सवार एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मां और उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। दोनों जख्मी को एक निजी अस्प्ाताल में भर्ती कराया गया। वहां से रेफर कर दिया गया। घटना के कारण आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ हटाया। इसके बाद परिचालन शुरू हो सका।
बताया जाता है कि दरीहट थाना क्षेत्र के बड़ा हुरका के रहने वाले हरिनारायण सिंह के पुत्र अरविंद कुमार सिंह बाइक से अपने बड़े भाई अखिलेश कुमार सिंह की पत्नी एवं उनके छह साल के बच्चे को लेकर औरंगाबाद जिले के देव जा रहे थे। उन्हें छठ व्रत करना था। रास्ते में गेमन पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में आगे बैठे प्रीतम कुमार की मौत हो गई। अरविंद एवं उसकी भाभी इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
निजी अस्पताल से किया गया रेफर- घायलों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने बाहर रेफर कर दिया। इधर घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। भीड़ के कारण आवागमन भी बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे एएसपी संजय कुमार, एसडीएम सुनील कुमार सिंह, डेहरी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता स्थिति को नियंत्रित कर आवागमन बहाल कराया। इधर घटना के कारण कोहराम मच गया है। उत्सवी माहौल में छठ करने जाने के दौरान हुई इस घटना से स्वजन सन्न हैं। रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी मर्माहत हैं।