विधानसभा चुनाव में शस्त्रों का भौतिक सत्यापन नहीं कराने वालों पर प्रशासन की टेढ़ी नजर, रद हो सकता है लाइसेंस
कैमूर जिले में 2523 शस्त्रधारी हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान इन्हें शस्त्रों के सत्यापन का निर्देश दिया गया था। लेकिन बड़ी संख्या में शस्त्रधारियों ने ऐसा नहीं किया। अब ऐसे लोगों लाइसेंस रद करने की कार्रवाई की जा सकती है।
जेएनएन, भभुआ \गया। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में लाइसेंसी शस्त्रों के सत्यापन का निर्देश दिया गया था। तय तिथि पर थाने में जाकर शस्त्र का सत्यापन कराना था। लेकिन कई अनुज्ञप्तिधारियों ने अपने हथियारों की जांच नहीं कराई। इनके खिलाफ अब प्रशासन की नजरें टेढ़ी हो गई है। ऐसे शस्त्रधारियों की अनुज्ञप्ति रद की जा सकती है।
गौरतलब है कि प्रथम चरण में 10 से 14 सितंबर तक की तिथि शस्त्रों की जांच के लिए तय की गई थी। इन तिथियों में शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराने वाले शस्त्रधारियों के लिए 30 सितंबर व एक अक्टूबर की तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन निर्धारित तिथियों के उपरांत भी जिले के कई थाना क्षेत्रों में अनुज्ञप्तिधारियों ने अपने शस्त्रों का भौतिक सत्यापन नहीं कराया। जिला दंडाधिकारी ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराने वालों की सूची मांगी है। जानकारी के अनुसार शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराने वालों की सूची प्राप्त होते ही जिला दंडाधिकारी लाइसेंस रद करने की कार्रवाई कर सकते हैं।
बता दें कि कैमूर जिले में कुल 2325 शस्त्रधारी हैं। इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत ऐसे 15 शस्त्रधारी हैं जिनके नाम से तीन शस्त्रों का लाइसेंस निर्गत है। इन शस्त्रधारियों को गृह विभाग के निर्देशानुसार एक शस्त्र जमा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन नोटिस दिए जाने के बावजूद भी शस्त्रधारियों ने एक शस्त्र जमा नहीं किया। इसे भी गंभीरता से लेते हुए दंडाधिकारी ने कार्रवाई करने की बात कही है। बताया जाता है कि तीन शस्त्रधारियों को इस वर्ष के अंत तक हर हाल में मालखाना व पुलिस थाना के अलावा शस्त्रागारों में हथियार जमा कर इसकी सूचना विभाग को हर हाल में उपलब्ध करानी होगी।
थानावार शस्त्रधारियों की संख्या -
भभुआ - 452
भगवानपुर - 129
चांद - 215
चैनपुर - 203
अधौरा - 180
बेलांव - 54
सोनहन - 133
करमचट - 41
मोहनियां - 294
कुदरा - 297
दुर्गावती - 128
रामगढ़ - 252
नुआंव - 43
कुढऩी - 49
कुछिला - 53
तीन शस्त्रधारियों की संख्या -
कुढऩी - एक
रामगढ़ - एक
भभुआ - चार
मोहनियां - दो
कुदरा - एक
दुर्गावती - एक
चैनपुर - दो
भगवानपुर - दो