BJP नेता की संपत्ति को भी चोरों ने नहीं बख्शा, लॉकडाउन में बंद पड़ी इलेक्ट्रॉनिक दुकान से उड़ा लिए लाखों
लॉकडाउन में भाजपा नेता के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में चोरों ने किया हाथ साफ तकरीबन 20 लाख रुपये की चोरी का अनुमान घटना की पड़ताल में जुटी नगर थाना की पुलिस एलईडी मोबाइल माइक्रोवेब कूलर आदि की चोरी। चोरों का सुराग नहीं।
संवाद सहयोगी, नवादा। लॉकडाउन में चोरों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की सुस्त गश्ती का फायदा उठाते हुए चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के अग्रवाल पेट्रोल पंप के सामने एम विजन मार्ट में रविवार की रात चोरों ने हाथ साफ कर लिया। तकरीबन 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।
घटना की जानकारी पाकर सोमवार की सुबह नगर थाना की पुलिस पहुंच कर तहकीकात में जुट गई है। इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के संचालक भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिन्हा ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि शोरूम के पिछले हिस्से में लगी खिड़की क्षतिग्रस्त है। इस सूचना पर शोरूम पहुंच कर शटर उठाया तो दंग रह गए।
कई कीमती एलईडी, मोबाइल, माइक्रो वेब, कूलर, डिनर सेट, नगद राशि की चोरी कर ली गई। इसके अलावा खरीदारी पर ग्राहकों को उपहार में देने के लिए रखा दो सोने की अंगूठी, चांदी का सिक्का समेत अन्य सामान भी गायब थे। तत्काल इसकी सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई। बहरहाल, चोरी की घटनाओं से लोगों में रोष है। कुछ दिन पहले बिहार बस पड़ाव के समीप पान की चार गुमटियों से चोरी हुई थी।
पिछले साल लॉकडाउन में भाजपा जिलाध्यक्ष के शोरूम में हुई थी चोरी
बता दें कि पिछले साल 14 मई को लॉकडाउन में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के गोदाम में चोरी की वारदात हुई थी। लॉकडाउन के चलते शोरूम और गोदाम बंद था। जिसका फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में एलईडी, एयर कंडीशनर आदि की चोरी हुई थी। तब उस मामले में विशेष टीम गठित कर छानबीन की गई थी। शुरूआती जांच में 53 में 22 एलईडी और पांच एसी बरामद किए गए थे।
कुछ अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया था। शुरूआती सफलता के बाद पुलिस सुस्त पड़ गई। नतीजतन अभी भी चोरी का अन्य सामान बरामद नहीं हो सका। पिछले साल भाजपा के जिलाध्यक्ष और अब इस साल भाजपा के जिला उपाध्यक्ष के शोरूम में चोरी हो गई, जो पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।