नवादा में नहीं थम रहा रफ्तार का कहर, अलग-अलग स्थानों पर हादसे में बालक समेत चार की मौत
नवादा में शनिवार की रात और रविवार को हुए अलग-अलग हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें एक छह वर्ष का बच्चा भी शामिल है। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे रजौली अकबरपुर नारदीगंज और सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में हुए।
नवादा, जागरण टीम। जिले में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में एक बालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार की वजह से सारे हादसे हुए। ये दुर्घटनाएं रजौली, अकबरपुर, नारदीगंज और सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में हुई। इनमें से तीन की मौत घटनास्थल पर हो गई। एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
अज्ञात वाहन ने बालक को रौंदा
सीतामढ़ी अोपी क्षेत्र के लखौरा पश्चिमी बेलदारी गांव में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक बालक की मौत हो गई। मृतक उसी गांव के पंकज चौहान का छह वर्षीय पुत्र रवि कुमार था। वह घर के पास ही खेल रहा था कि कोई गाड़ी उसे कुचलती चली गई। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग वहां जुट गए। सूचना पाकर सीतामढ़ी ओपी की पुलिस वहां पहुंच गई। ओपी प्रभारी शिशुपाल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। इधर, घटना के बाद परिवार के सदस्यों के बीच कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
बकरी को बचाने में युवक की गई जान
नारदीगंज थाना क्षेत्र के यदुपुर गांव के समीप रविवार को बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उसी थाना क्षेत्र के संभड़ी गांव निवासी कारू राजवंशी के रूप में की गई। बताया जाता है कि वह किसी बच्चे का मुंडन संस्कार में शामिल होने बाइक से बाढ़ जा रहा था। तभी यदुपुर गांव के समीप एक बकरी को बचाने के क्रम में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
पटना-रांची पथ पर रजौली थाना क्षेत्र के लालू मोड़ के समीप शनिवार की रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनबाद के हरिहरपुर निवासी श्रवण कुमार के पुत्र सुधीर कुमार के रूप में हुई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने में सफल हो गया। बताया गया कि मृतक बाइक से धनबाद से बिहारशरीफ जा रहा था। रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया।
ट्रक की चपेट में आ साइकिल सवार की मौत
पटना-रांची राजमार्ग 31 पर अकबरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर तारा होटल के पास रविवार की शाम करीब चार बजे अज्ञात ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। बताया जाता है कि साइकिल सवार फतेहपुर मोड़ की ओर आ रहा था। रजौली से नवादा की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर हो गयी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शव की पहचान नहीं हो सकी है।