जलजमाव व गंदगी से भभुआ पशु अस्पताल की नारकीय हालत, निजी कार्य के लिए करते परिसर का उपयोग
अब पानी पूरी तरह से गंदा हो गया है। जिससे दुर्गंध उठ रही है। बता दें कि पशु अस्पताल परिसर के पीछे वार्ड नंबर आठ स्थित है। जहां अनुसूचित जनजाति के लोगों का मुहल्ला है। इस मुहल्ला में रहने वाले लोगों के लिए आवास भी बना।
जागरण संवाददाता, भभुआ। जिला मुख्यालय भभुआ नगर में स्थित पशु अस्पताल परिसर वर्तमान समय पुरी तरह नरक में तब्दील हो गया है। इसके परिसर में प्रवेश करने के बाद ऐसी दुर्गंध आती है कि कुछ देर खड़ा होना मुश्किल है। लेकिन यहां के चिकित्सक और कर्मी किस तरह दिन भर कार्य करते हैं ये वे ही जानते हैं। परिसर में जलजमाव काफी दिनों से है। अब पानी पूरी तरह से गंदा हो गया है। जिससे दुर्गंध उठ रही है। बता दें कि पशु अस्पताल परिसर के पीछे वार्ड नंबर आठ स्थित है। जहां अनुसूचित जनजाति के लोगों का मुहल्ला है। इस मुहल्ला में रहने वाले लोगों के लिए आवास भी बना। इनमें कुछ घरों के पानी का निकास इसी परिसर में होता है। साथ ही आसपास के कई घरों का पानी भी इसी परिसर में आता है।
अजजा परिवारों के लिए परिसर में चलंत शौचालय रखा गया। डस्टबीन भी सफाई के लिए रखा गया। लेकिन अब चलंत शौचालय और डस्टबीन इसी जलजमाव के चलते खराब हो रहे हैं। इनका कोई उपयोग नहीं हो रहा है। आसपास के लोग परिसर में मवेशी बांध रहे हैं। पूछे जाने पर एक पशु चिकित्सक ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नप भभुआ व वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा। पशु अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक किस कष्ट से कार्य कर रहे हैं इसका किसी को अंदाजा नहीं हो सकता है। आसपास के लोगों को परिसर में गंदगी नहीं करने की बात कहने पर वे लोग झगड़ा पर उतारू हो जाते हैं।
कहते हैं चेयरमैन
इस संबंध में नप भभुआ के चेयरमैन जैनेंद्र कुमार आर्य ने कहा कि यह समस्या गंभीर है। इस समस्या का समाधान दो-चार दिन में हर हाल में करा दिया जाएगा। यदि पशु अस्पताल परिसर की जमीन में पानी निकासी की जा रही होगी तो उसे तत्काल रोक कर पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी।