गया के लोगों को अभी और सताएगी ठंड, कुछ दिनों में पांच डिग्री तक जा सकता है जिले का तापमान
गया जिले में ठंड का सितम जारी है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि आने वाले दिनों में पारा और तेजी से लुढ़केगा। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान लगाया गया है। शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
गया, जागरण संवाददाता। गया जिले में ठंड का सितम जारी है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि आने वाले दिनों में पारा और तेजी से लुढ़केगा। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान लगाया गया है। शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री पर रहा। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डा. जाकिर हुसैन ने कहा कि आने वाले दिनों में ठंड में और इजाफा होगा। 20 दिसंबर को पांच डिग्री सेल्सियस तक पारा जा सकता है। अभी पछुआ हवा बह रही है। जो आगे भी जारी रहेगी। नौ से दस किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही पछुआ हवा कनकनी बढ़ाए हुए है।
मगध मेडिकल अस्पताल में जलने लगा अलाव
मरीज के स्वजनों काे राहत-जिला प्रशासन और नगर निगम अभी और अधिक ठंड बढ़ने का इंतजार कर रहा है। यही कारण है कि अभी शहर में सार्वजनिक जगहों पर अलाव नहीं जल रहे हैं। इस बीच अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल में अलाव जलना शुरू हो गया है। अस्पताल प्रबंधन ने ठंड को देखते हुए तीन जगहों पर अलाव की व्यवस्था की है। ट्रामा सेंटर के पास, इमरजेंसी वार्ड के पीछे वाले गेट के पास व इमरजेंसी वार्ड के आगे की तरफ हर संध्या में अलाव जलाई जा रही है।
कंबल व अलाव के लिए आपदा से मिले 12 लाख रुपये
ठंड में गरीब-गुरबों को राहत दिलाने के लिए सरकार हरेक साल कंबल बांटती है। इसके साथ ही शहर समेत अंचलों में चौक-चौराहों पर अलाव भी जलाने का इंतजाम किया जाता है। इस साल आपदा प्रबंधन विभाग ने गया जिले को 12 लाख रुपए आवंटित कराए हैं। इसे शीघ्र ही संबंधित अफसरों के माध्यम से वितरण शुरू कराया जाएगा। आपदा के पदाधिकारी ने कहा कि एसडीओ के माध्यम से कंबल की खरीद होती है। जबकि सीओ के माध्यम से अंचल में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती है।
मौसम का पूर्वानुमान
तारीख-न्यूनतम तापमान
18 दिसंबर-12 डिग्री से
19 दिसंबर-06 डिग्री से
20 दिसंबर-05 डिग्री से
21 दिसंबर-07 डिग्री से
22 दिसंबर-08 डिग्री से