रीढ़ में फंसी रह गई थी गोली, इसलिए घर नहीं पहुंचा सोना व्यवसायी का शव, आज दोपहर लाया जाएगा नवादा
रविवार को दिन भर अपने लाल का अंतिम दर्शन करने के लिए स्वजन घर पर इंतजार करते रह गए। गिरिडीह में पोस्टमार्टम के दौरान रीढ़ में फंसी गोली को निकाला नहीं जा सका। पूरे दिन की मशक्कत के बाद शव को रविवार की रात धनबाद भेज दिया गया।
जागरण संवाददाता, नवादा। रविवार को दिन भर अपने लाल का अंतिम दर्शन करने के लिए स्वजन घर पर इंतजार करते रह गए। गिरिडीह में पोस्टमार्टम के दौरान रीढ़ में फंसी गोली को निकाला नहीं जा सका। पूरे दिन की मशक्कत के बाद शव को रविवार की रात धनबाद भेज दिया गया। मृतक अभय कुमार उर्फ गुड्डू के दोस्तों के मुताबिक आज धनबाद में पोस्टमार्टम के बाद शव को दोपहर बाद नवादा लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि फरहा स्थित घर पर रविवार को अंतिम संस्कार की सारी तैयारियां कर ली गई थी। शव के पहुंचते ही जल्द विधि विधान कर अंतिम संस्कार कर दिया जाता। लेकिन रीढ़ में फंसी गोली के कारण यह समस्या आड़े आ गई।
स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल
इधर, मृतक के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। ग्रामीण भी घटना से काफी मर्माहत हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। गली में बस घटना को लेकर ही चर्चा है।
गिरिडीह में बस पर मार दी गई थी गोली
गौरतलब है कि अभय कुमार उर्फ गुड्डू थोक जेवर कारोबारी था। वह कोलकाता सोना लाने गया था। वहां से शनिवार की रात दयान बस पर अपने साथी मनीष के साथ वापस लौट रहा था। रास्ते में गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में बस पर सवार रहे अपराधियों ने लूटपाट करते हुए गुड्डू को गोली मार दी थी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी।