गड्ढे में मिला बच्ची का शव, आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर किया पथराव, दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी फूंक डाला
सोमवार की रात चैनपुर के लोगों ने दो अलग-अलग घटनाओं को एक समझ जमकर बवाल काटा। समझाने गई पुलिस पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी फूंक डाला।
संवाद सूत्र, चैनपुर (भभुआ)। सोमवार की रात चैनपुर के लोगों ने दो अलग-अलग घटनाओं को एक समझ जमकर बवाल काटा। समझाने गई पुलिस पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी फूंक डाला। इस मामले में पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गड्ढे में गिर गई थी वैन
दरअसल, भभुआ-चैनपुर मुख्य मार्ग पर चंदा ग्राम के समीप सोमवार की रात गड्ढे में एक मैजिक वैन गिर गई थी। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। उसी वक्त घटनास्थल से लगभग 40 फीट दूर बच्ची का शव देखा गया। शव की शिनाख्त चंदा गांव निवासी अजय पांडेय की छह वर्षीय बेटी माधुरी कुमारी के रूप में हुई।
लोगों ने समझ लिया, ये है माजरा
लोगों को लगा कि बच्ची की मौत मैजिक वैन की टक्कर के कारण हुई है। टक्कर के बाद शव 40 फीट दूर चला गया। इसी आशंका पर लोगों ने वैन में आग लगा दी। जब पुलिस समझाने पहुंची तो लोगों ने उनपर हमला कर दिया। पथराव में दारोगा, हवलदार व दो सिपाही के घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दीया जलाने गई थी माधुरी
मुख्य मार्ग के पास ही अजय का नया मकान बना है। माधुरी उसी मकान में दीया जलाने गई थी। वहां दीप जलाने के बाद वह लौट रही थी। तभी कुछ ऐसा हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि माधुरी के बदन पर खरोंच तक के निशान नहीं हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सके कि वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई। अंदेशा है कि वह पानी भरे गड्ढे में डूब गई होगी। वैसे शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
भीड़ ने राइफल छीनने का भी किया प्रयास
प्रशिक्षु डीएसपी सह चैनपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने बताया कि भीड़ ने राइफल छीनने की भी कोशिश की। वैन में आग लगाने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामलों में दो एफआइआर दर्ज की गई। बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान परिजन जब वैन के दुर्घटनास्थल पर पहुंचे तो वहीं बच्ची का शव मिल गया, जिससे लोगों ने सड़क हादसे में मौत की आशंका जता दी। पुलिस ने 14 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।