Move to Jagran APP

कहीं गोदाम बंद, कहीं पैसे के लिए दौड़ रहे किसान

प्रखंडों में धान की खरीदारी की हालत बहुत खराब है। किसान रोज चक्कर लगा रहे हैं। अब तक धान अधिप्राप्ति की गति धीमी है। सोमवार को दैनिक जागरण की टीम ने जब विभिन्न केंद्रों का जायजा लिया तो किसानों ने अपनी समस्या बयां की।

By JagranEdited By: Published: Tue, 15 Jan 2019 10:00 AM (IST)Updated: Tue, 15 Jan 2019 10:00 AM (IST)
कहीं गोदाम बंद, कहीं पैसे के लिए दौड़ रहे किसान
कहीं गोदाम बंद, कहीं पैसे के लिए दौड़ रहे किसान

(ऑन द स्पॉट)

loksabha election banner

-------------------

(प्रखंडों में धान की खरीदारी की हालत बहुत खराब है। किसान रोज चक्कर लगा रहे हैं। अब तक धान अधिप्राप्ति की गति धीमी है। सोमवार को दैनिक जागरण की टीम ने जब विभिन्न केंद्रों का जायजा लिया तो किसानों ने अपनी समस्या बयां की। जिनका धान ले लिया गया है, उनके खाते में भी अभी तक पैसे नहीं भेजे गए हैं। कहीं एडवाइस नहीं आने तो कहीं राशि आवंटन नहीं होने की बात कही जा रही है, पर अंतत: भुगत किसान रहे हैं। कई जगहों पर तो अभी केंद्र भी नहीं खुले हैं। बताया गया कि एक सप्ताह में खरीदारी शुरू हो जाएगी, जबकि 15 नवंबर से ही खरीदारी का निर्देश दिया गया था।)

-----------------------

क्राशर ::: पैक्सों में धान की खरीदारी की हालत खस्ता, बाजार में औने-पौने धान बेचने को विवश हैं किसान, कई जगहों पर अभी तक केंद्र भी नहीं खुले, 15 नवंबर से ही दिया गया था खरीदारी का निर्देश

--------------------

टिकारी में खरीदारी की गति काफी धीमी

फोटो 35

संवाद सहयोगी, टिकारी : टिकारी प्रखंड में धान अधिप्राप्ति का कार्य काफी धीमा है। अभी तक प्रखंड अंतर्गत 23 पैक्सों में से 6 पैक्स ने ही खरीदारी शुरू की है।

विभागीय जानकारी के अनुसार सोमवार तक मात्र 3500 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है। इनमें 31 किसानों के बीच 2366 क्विंटल धान के समर्थन मूल्य के रूप में 41 लाख 40 हजार 500 रुपये का भुगतान कर दिया गया है। शेष का भुगतान प्रक्रिया में है। लाव पैक्स में 7 किसानों को 600 क्विंटल, मुसी में 7 किसानों को 593, पलुहड में 7 किसानों को 575 और मखदुमपुर में 10 किसानों को 598 क्विंटल धान अधिप्राप्ति की राशि खाते में डाल दी गई है। डिहुरा पैक्स में 403 और नोनी पैक्स में 175 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है। बीसीओ एनके रजक ने बताया कि धान की पिटाई और झरनी का कार्य जैसे-जैसे हो रहा है, अधिप्राप्ति में भी तेजी आ रही है। वहीं कई पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि उन्हें अभी तक मिलर की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है।

-----------------

टनकुप्पा में अब तक दो पैक्सों में ही खरीदारी

फोटो:- 31

संवाद सूत्र, टनकुप्पा : किसान पैक्स में धान बेचने के प्रति दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। पैक्स अध्यक्ष कपिलदेव यादव कहते हैं जो किसान धान दे रहे, उसकी खरीदारी कर रहे हैं। मकर संक्रांति के कारण पैक्स गोदाम पर किसानों का आना बहुत कम दिखा। 12.30 बजे प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अपने सहयोगी दिलीप के साथ निरीक्षण के लिए गोदाम पहुंचे। पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि प्रखंड में 10 पैक्स में मात्र दो पैक्स ढीबर और आरोपुर में धान की खरीदारी शुरू की गई है। धान की राशि एडवाइस नहीं निकल पाने के कारण खाते में ट्रांसफर नहीं हो सकती है। एक-दो दिन के अंदर राशि खाते में चली जाएगी।

ढीबर पंचायत के किसान बालेश्वर यादव, रामस्वरूप प्रसाद, चंद्रिका प्रजापत, गणेश यादव आदि ने बताया कि धान की कटाई दुर्गापूजा से होने लगी थी। हर वर्ष नए प्रावधान के कारण किसान इसे पूरा नहीं कर पाते हैं। इस वर्ष पीएफएमएस प्राइवेट फंड मैनेजमेंट सिस्टम योजना से खरीदारी की जा रही है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि कुछ पैक्स में खरीदारी शुरू कर दी गई है। एक सप्ताह बाद प्रखंड के सभी पैक्स में धान की खरीदारी शुरू कर दी जाएगी।

------------------

आमस में पैसे के अभाव में खरीदारी नहीं

फोटो 32

संवाद सूत्र, आमस : प्रखंड क्षेत्र में पैक्स द्वारा धान की खरीदारी नहीं किए जाने के कारण किसान सीधे बाजार में औने-पौने दाम में धान बेच रहे हैं। किसानों का यह धान दूसरे राज्यों में जा रहा है। सोमवार को सांवकला पैक्स खुला पाया गया। यहा पैक्स अध्यक्ष उमाशकर सिंह और कुछ किसानों में तू तू मैं मैं हो रही थी। किसानों ने बताया कि धान लेने के समय 48 घंटे के भीतर राशि खाते में भेज देने की बात कही गई थी, पर पंद्रह दिनों में भी पैसा नहीं मिला है। पैक्स अध्यक्ष रोज आजकल कर रहे हैं। वहीं पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि विभाग द्वारा अभी तक पैसा नहीं भेजा गया है। आमस पैक्स अध्यक्ष अरविंद मिश्रा ने बताया कि उनके यहां 2 किसानों ने 68 क्विंटल धान दिया है। इनलोगों को पैसा नहीं दिया जा सका है, क्योंकि विभाग ने पैसा पैक्स के खाते में नहीं भेजा है। रामपुर पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने भी बताया कि किसानों को पैसे का भुगतान नहीं किया जा सका है। व्यापार मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि पैसा नहीं आने के कारण किसानों से धान की खरीदारी नहीं हो रही है। कलवन पैक्स अध्यक्ष व आमस के उप प्रमुख अताउल्लाह खान ने कहा कि सरकार की मंशा किसानों से धान खरीदारी की है ही नहीं। इस बार अभी तक कुल 4 पैक्स द्वारा खरीदारी की गई है, पर पैसे का भुगतान नहीं किया गया है।

---------------------

डोभी में गोदाम में लटका हुआ था ताला

फोटो 34

संवाद सूत्र, डोभी : दिन सोमवार। समय : 11.40 बजे दिन । स्थान- बजौरा पैक्स गोदाम। गोदाम के सभी कमरे मे ताला बंद। गोदाम के बाहर पशु बंधे हुए हैं। गोदाम में जनवितरण प्रणाली की दुकान संचालित है, जिसका बोर्ड भी टंगा हुआ है। पंद्रह दिन पहले ही प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी गणेश कुमार ने प्रखंड में पहले धान क्रय केंद्र का उद्घाटन किया था। पैक्स अध्यक्ष द्वारा धान की खरीदारी धान लाने के बाद की जात है, अन्यथा गोदाम बंद रहता है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि गोदाम को रोज खोलना है। इसे बंद रखना सही नहीं है। किसानों ने काफी कम संख्या में रजिस्ट्रेशन कराया है। एक-दो दिन में सभी पंचायतों में धान क्रय केंद्र खोल दिए जाएंगे।

-----------------

फोटो 38

परैया में ठप है खरीदारी

संवाद सूत्र, परैया : प्रखंड स्थित सभी नौ पैक्स गोदाम में धान क्रय का कार्य ठप है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मो. निजामुद्दीन अंसारी के अनुसार 15 नवंबर से खरीदारी शुरू की गई थी, जिसमें प्रखंड के सिर्फ चार केंद्रों पर खरीदारी हुई। व्यापार मंडल में 806, परैया खुर्द पैक्स में 403, सोलरा में 806 और अजमतगंज में 806 क्विंटल धान खरीदे गए। टिकारी को-ऑपरेटिव बैंक द्वारा अभी तक सभी किसानों की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। सोलरा पैक्स अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि किसानों ने जितना धान पैक्स में बेचा है, उनमें आधे की राशि का भुगतान किया गया है। बाकी को अभी भी राशि नही मिली है। उनके अनुसार ऊपर से धान क्रय पर रोक लगी हुई है। करहट्टा पैक्स अध्यक्ष धनंजय शर्मा ने बताया कि उनके यहा धान की खरीद नही हुई है। किसानों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद पैक्स में धान लेना है। किसान रजिस्ट्रेशन ही नहीं करवाएंगे तो धान कैसे खरीदा जाएगा।

------------------

बेलागंज में सिर्फ दो पैक्सों में खरीदारी

फोटो 40

संवाद सूत्र, बेलागंज : बेलागंज के किसान बाजार में धान बेचने को मजबूर हैं। पैक्सों में खरीदारी नहीं हो रही है। अभी तक मात्र दो पैक्स में 781 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है। जिसमें श्रीपुर पैक्स में चार किसानों से 378 और चिरैला पैक्स में पांच किसानों से 403 क्विंटल धान खरीदे गए हैं। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी भगवान प्रसाद ने बताया कि बेलागंज में 10 पैक्स का चयन हुआ है, परंतु अभी तक सिर्फ दो पैक्स ने ही खरीदारी शुरू की है। सहकारिता विभाग के कार्यपालक सहायक प्रियदर्शन कुमार ने बताया कि यहां 31 दिसंबर से खरीदारी शुरू हुई है। एसएफसी से यूजर आईडी पासवर्ड नहीं मिलने के कारण बहुत से पैक्सों का पीएफएमएस पूरा नहीं हुआ है। पैक्स चाहकर धान नहीं खरीद पा रहा है। एक सप्ताह के अंदर धान अधिप्राप्ति शुरू हो जाएगी।

-------------------

बाराचट्टी में एक केंद्र, वह भी बंद

फोटो 42

संवाद सूत्र, बाराचट्टी : सरमा पैक्स द्वारा धान अधिप्राप्ति के लिए बोर्ड टांगा गया है, पर खरीदारी का कार्य शुरू नहीं किया गया है। पैक्स गोदाम के बाहर गंदगी का अंबार है। सोमवार को करीब 12 बजे दिन में केंद्र बंद था। एक भी किसान नहीं थे। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि बाराचट्टी मे अब तक एक क्रय केंद्र खोला गया है, पर बहुत कम किसान आ रहे हैं।

------------------

गुरुआ में सिर्फ एक केंद्र में खरीदारी

संवाद सूत्र, गुरुआ : प्रखंड की सोलह पंचायतों में तीन को छोड़ तेरह पंचायतों में खरीदारी होगी। फिलहाल राजन पंचायत में धान की खरीदारी शुरू की गई है। शेष बारह पंचायत में धान की खरीदारी एक-दो दिन में तेजी से होगी। गुरुआ में धान की खरीदारी नहीं होने से किसान साहूकारों के पास धान बेच रहे हैं।

--------------------

बांकेबाजार में भी किसानों को नहीं मिल रहा पैसा

पेज- फोटो 55

संवाद सूत्र, बाके बाजार : बाकेबाजार के कुल 11 पैक्स के क्रय केंद्र पर 36,500 क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक 1984 क्विंटल ही धान की अधिप्राप्ति की गई है। सोमवार को करीब बजे दिन में टंडवा पैक्स धान क्रय केंद्र पर पैक्स अध्यक्ष संजय यादव मौजूद थे। इस बीच निबंधित किसान उदय यादव भोक्ताडीह क्रय केंद्र पर पहुंचे और खाते में राशि नहीं आने पर सवाल किया। अध्यक्ष ने कहा कि प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी द्वारा अधिप्राप्ति की एडवाइस की सूची नहीं दी गई है। थोड़ी देर में ग्राम नावाडीह से श्री प्रसाद यादव टंडवा क्रय केंद्र पहुंचे। उनका भी यही सवाल था। पैक्स अध्यक्ष संजय यादव कहते हैं कि बीसीओ द्वारा एडवाइस सूची अभी तक नहीं दिए जाने के कारण किसानों का भुगतान शून्य है। उन्होंने बताया कि टंडवा पैक्स में 47 किसान निबंधित हैं। 10 किसानों से 484 क्विंटल धान लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बाके बाजार के कुल 11 पैक्सों को मिलाकर मात्र 357 किसानों का निबंधन हुआ है जिसमें सिर्फ 47 किसानों से धान की अधिप्राप्ति की गई है। परसावा, तिलैया, रोशनगंज, एवं बिहरगाई पैक्स में धान की अधिप्राप्ति शून्य है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.