कभी होती थी सैकड़ों एकड़ खेत की सिंचाई, लेकिन आजकल नाला बन गया है रोहतास का यह नहर
करगहर बाजार से गुजरने वाला करगहर राजवाहा नहर कूड़ेदान बन गया है। इसमें बाजार के कचरे डाले जा रहे हैं। फलस्वरूप राजवाहा में गंदगी का अंबार लग गया है। नहर के पास से गुजरने वाले लोग नाक पर कपड़ा रखकर आते जाते हैं।
By Vyas ChandraEdited By: Published: Sat, 22 May 2021 11:34 AM (IST)Updated: Sat, 22 May 2021 11:34 AM (IST)
करगहर (रोहतास), संवाद सूत्र । स्थानीय बाजार के बीचोबीच गुजरने वाला करगहर राजवाहा नहर जहां किसानों के लिए वरदान साबित होता था ले प्रखंडवासियों के लिए अब यह कूड़ेदान बन गया है। कूड़ेदान में तब्दील करगहर राजवाहा में बाजार के कचरे डाले जा रहे हैं। फलस्वरूप राजवाहा में गंदगी का अंबार लग गया है। गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंकाएं बढ़ गई हैं। नहर से गुजरने वाले लोग नाक पर कपड़ा रखकर आते जाते हैं।
नहीं हो रही नहर की सफाई
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से नहर की सफाई नहीं हो पाई है,जिसके कारण पत्थर, बालू एवं मिट्टी से नीचे का तल ऊंचा हो गया है। नहर में तकरीबन सभी घरों के शौचालय का पानी भी गिरता है। बाजार की सड़ी गली सब्जियां, फल एवं मीट- मछली के टुकड़ो के अलावा पॉलिथीन, डब्बे के टूकड़े भी डाल दिए जाते हैं। नहर में छोटे-छोटे पौधे भी ऊब गए हैं। थाना पुल के नीचे इतने कचरे जमा हो चुके हैं कि नहर का पानी आने के बाद बड़ी मशक्कत के साथ साफ किया जाता है। पंचायत द्वारा कूड़ा उठाव की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण लोग नहर को ही कूड़ेदान बना डाले हैं।
स्थानीय लोग डालते हैं कचरा
सिंचाई विभाग के एसडीओ विद्या नंदन प्रसाद ने बताया कि इस नहर के माध्यम से सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई की जाती थी। लेकिन यहां के लोगों द्वारा कूड़ा व मलवा डालने के कारण इसे भरा जा रहा है। मना करने पर भी लोग नहीं मान रहे हैं। इस बारे में मुखिया को भी कई बार कहा गया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। अगर कूड़ा नहीं फेंका जाय तो विभाग इसकी सफाई कराएगा। वहीं बीडीओ ने कहा कि इस मामले की जांच करा नहर में कूड़ा नहीं फेंकने दिया जाएगा। इस मामले को शांति समिति की बैठक में बाजार वासियों ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। समाजसेवी दीपक रंजन वर्मा, हरि गोविंद पांडेय उर्फ गोलू पांडेय, पूर्व पैक्स अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह यादव, विनय मिश्र, वीरेंद्र सिंह यादव सहित कई लोगों ने नहर की सफाई करने की मांग की है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें