World Soil Day: मिट्टी का संरक्षण है बहुत जरूरी, पौधारोपण करिए और धरती को बचाइए
एनसीसी बटालियन की अोर से विश्व मिट्टी दिवस (World Soil Day) पर दस दिवसीय अभियान की शुरुआत की गई। मौके पर पौधारोपण किया गया। प्रभातफेरी निकाली गई। इसमें कैडेटों व अधिकारियों ने शिरकत की। लोगों से मिट्टी को बचाने के लिए पौधारोपण एवं स्वच्छता की अपील की गई।
जेएनएन, सासाराम (रोहतास)। स्थानीय 42 बिहार एनसीसी बटालियन की अोर से विश्व मिट्टी दिवस (World Soil Day) पर दस दिवसीय अभियान की शुरुआत की गई। मौके पर पौधारोपण किया गया। प्रभातफेरी निकाली गई। इसमें कैडेटों व अधिकारियों ने शिरकत की। लोगों से मिट्टी को बचाने के लिए पौधारोपण एवं स्वच्छता की अपील की गई।
अभियान का शुभारंभ कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ) बलदेव सिंह चौधरी ने किया। इसके बाद कैडेटों एवं पीआइ स्टाफ ने भी पौधारोपण किया। पौधारोपण के बाद कैडेटों ने शहर में प्रभात फेरी निकाली। जागरुकता का संदेश देती तख्तियां लेकर शहर के कई भागों से कैडेट गुजरे। इस दौरान वे जिधर से गुजर रहे थे लोग खड़ा होकर उन्हें देखने लगते। प्रभात फेरी प्रखंड कार्यालय पहुंची।
यहां मिट्टी संरक्षण एवं पौधारोपण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कर्नल डा.चौधरी ने कहा कि धरती माता के प्रति जब भी जिम्मेदारी मिले, उसमें बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इसके प्रति सभी की जिम्मेवारी बनती है कि मिट्टी संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति सजग रहें। कहा कि आज मिट्टी की उर्वरा शक्ति समाप्त हो रही है। इसका असर फसलों के उत्पादन पर दिख रहा है। आमलोगों को जागरूक करने मे कैडेट्स की भूमिका अहम है। इस कार्यक्रम में 42वीं बिहार बटालियन एनसीसी के 50 से ज्यादा कैडेट्स, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स एवं पीआई स्टाफ शामिल हुए। यह अभियान पंद्रह दिसम्बर तक जारी रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनसीसी से संबद्ध रोहतास एवं कैमूर के शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स एवं एनसीसी अधिकारियो ने कृतसंकल्पित होने की प्रतिबद्धता दुहराई।