Aurangabad: मेरी जान बचा लीजिए सर नहीं तो मर जाउंगी...., जानिए क्या हुआ था महिला के साथ
औरंगाबाद के ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना संक्रमित एक महिला का सफलतापूर्वक प्रसव कराया गया। महिला और उसका बच्चा दोनों स्वस्थ है। पहले निजी अस्पतालों में गई महिला को हर तरफ निराशा हाथ लगी। तब सीएचसी उसके लिए वरदान बना।
ओबरा (औरंगाबाद), संवाद सूत्र। ओबरा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र (Community Health Center) में शनिवार को एक अजीबोगरीब घटना घटी। एक कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला (Corona Positive Pregnant Woman) अचानक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। वह स्वास्थ्य कर्मियों से गुहार लगाती है। मेरी जान बचा लीजिए सर...नहीं तो मेरे साथ मेरे बच्चे की भी जान चली जाएगी। अचानक पहुंची महिला की हालत देखकर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक व कर्मी हैरान रह गए। लेकिन माजरा समझ आते ही वे एक्शन में आ गए। महिला का सुरक्षित प्रसव (Safe Delivery) कराया। अब मां-बच्चा दोनोंं स्वस्थ हैं।
निजी अस्पतालों ने खड़े किए हाथ तो सीएचसी बना सहारा
दरअसल ओबरा की एक महिला कोरोना संक्रमित हो गई हैं। वे गर्भवती थीं। शनिवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद प्रसव के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन जैसे ही पता चलता कि वे कोरोना संक्रमित हैं। सभी ने प्रसव कराने से इंकार कर दिया। हर दरवाजा बंद होने के बाद महिला और स्वजन पूरी तरह से हताश हो गई। इसके बाद स्वजन थक हार कर ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे है। इस दौरान महिला की तबियत खराब होती जा रही थी। वह अस्पताल पहुंचते ही जान बचाने की गुहार लगाने लगी।
संक्रमण की आशंका के बावजूद कराया गया प्रसव
सबकुछ पता चलने के बाद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए हुए महिला का उपचार शुरू कर दिया। स्वास्थ्य कर्मी प्रियंका कुमारी ने सफलतापूर्वक डॉक्टर की निगरानी में उसका प्रसव कराया। कुछ देर बाद ही महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद बच्चा एवं उसकी मां दोनों स्वस्थ है। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिक्रम कुमार सिंह की निगरानी में प्रसव सफलतापूर्वक कराया गया। चिकित्सकों ने एनएम राज कुमारी एवं प्रियंका कुमारी के साथ आशा रंजू कुमारी को इस कार्य के लिए बधाई दी। स्वास्थ प्रबंधक विकास शंकर ने बताया कि महिला कोरोना संक्रमित है लेकिन नवजात की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। साथ ही जो भी उनके संपर्क में आए हैं उन्हें कोरोना जांच की सलाह दी गई है ।