अधेड़ की हत्या कर लाश को बोरे में बंद कर फेंका, मोटिव और पहचान की तलाश में जुटी गया पुलिस
गया में शनिवार को बंद बोरे में मिली एक लाश ने सनसनी फैला दी। जानकारी के मुताबिक जिले के मानपुर में बंद में बोरे में एक अधेड़ का शव मिला है। लोगों का कहना है कि शव का हाथ बोरे से बाहर था।
मानपुर(गया), जागरण संवाददाता। गया में शनिवार को लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई। जिले के मानपुर में एक अधेड़ का शव बोरे में बंद मिला। जानकारी के मुताबिक नवादा मुख्य मार्ग में विस्कोमान के समीप एक अधेड़का शव बरामद किया गया। जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। झाड़ी एवं कचरे के बीच एक बोरे में पड़े शव का हाथ बाहर दिखाई दे रहा था। गांव वाले इस हालत में लाश को देखकर सन्न रह गए। यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते लोग इकट्ठा हो गए।
आनन-फानन में इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस की टीम ने इलाके की छानबीन की। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने का कहना है कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस लाश की पहचान करने में जुटी है। आस पास के इलाके में भी पूछताछ की जा रही है।
हत्या कर शव फेंकने की बात कह रहे ग्रामीण
आसपास के लोगों ने बताया कि पांच दिन पूर्व अधेड़ की हत्या कर बदमाशों ने शव को बोरा में बंद कर यहां लाकर झाड़ी में फेंक दिया होगा। बोरे में बंद शव से बदबू कई दिनों से आ रही थी। लेकिन इसकी जानकारी लोगों को नहीं हो पाई। बताया जाता है कि जब कुतों ने बोरा से अधेड़ का हाथ निकाल दिया तो शव होने की चर्चा चारों ओर होने लगी। जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। बोरे में बंद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों ने अधेड़ की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर यहां लाकर फेंक दिया होगा। सड़ी-गली लाश को बदमाशों ने पांच दिन पूर्व फेंका होगा। मृतक अधेड़ की पहचान और हत्या करने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी है।