गया में पुलिस को देख चोर-चोर चिल्लाने लगा कुख्यात, पत्थरबाजी में चार जवान जख्मी
गया में कुख्यात अपराधी मुन्ना पासवान को गिरफ्तार करने गई डोभी पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया। जिसमें चार जवान जख्मी हुए हैं। वहीं कुख्यात भाग निकला।
गया, जेएनएन। डोभी थाना क्षेत्र में जमुनाइया गांव में गुरुवार की देर रात कुख्यात अपराधी मुन्ना पासवान को गिरफ्तार करने गई डोभी पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया। चचेरे भाई के तिलक में शामिल होने आए मुन्ना पासवान के द्वारा चोर-चोर चिल्लाने से उसके स्वजन पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाने लगे।
पत्थरबाजी में सरकारी वाहन भी हुआ क्षतिग्रस्त
हमले में चौकीदार भोला यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीन पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आने के साथ सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार्रवाई के दौरान डोभी बाराचट्टी और झारखंड में कई कांड में मुख्य अभियुक्त मुन्ना पासवान पुलिस की गिरफ्त से भाग निकला। पुलिस स्वजनों से पूछताछ कर मुन्ना पासवान की तलाश में जुट गई है। वहीं जवानों का नजदीकी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
चचेरे भाई के तिलक में शामिल होने आया था कुख्यात
थानाध्यक्ष राहुल रंजन ने बताया कि डोभी बाराचट्टी और झारखंड में कई कांड का मुख्य अभियुक्त कुख्यात मुन्ना पासवान अपने चचेरे भाई के तिलक में शामिल होने डोभी थाना क्षेत्र में जमुनाइया गांव में आया था। इसकी जानकारी डोभी पुलिस को लग गई। तिलक में पहुंची पुलिस ने जैसे ही मुन्ना को गिरफ्तार किया वे चोर-चोर चिल्लाने लगा। जिससे उसके स्वजनों ने पुलिस पर पत्थर चलाने शुरू कर दिए।
चोर-चोर सुन पत्थर चलाने लगे आरोपित के स्वजन
पत्थर लगने से चौकीदार भोला यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीन चौकीदारों को भी चोटें आईं। इस दौरान डोभी थाना क्षेत्र की पुलिस की गिरफ्त से कुख्यात मुन्ना पासवान फरार हो गया। पत्थर लगने से पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में एक निजी गाड़ी लेकर जवान इलाज के लिए अस्पताल पहुुंचे। घटना से प्रतीत होता है कि कुख्यात मुन्ना पासवान ने पहले से ही हमले की साजिश रच ली थी। उसे इस बात का अंदाजा था कि पुलिस तिलक समारोह में आ सकती है। जैसे ही उसने जवानों को देखा चोर-चोर चिल्लाकर पत्थर चलवाने शुरू कर दिए।