छह राज्यों के वैज्ञानिकों ने लिया चेरी टमाटर की खेती का जायजा
-बोधगया के बतसपुर में ऑर्गेनिक पद्धति से उगाया जा रहा चेरी टमाटर व खरबूजा -पंजाब हरियाणा लेह-लद्दाख सिक्किम गुजरात व बिहार के वैज्ञानिकों ने किया निरीक्षण -------------- जागरण संवाददाता बोधगया
गया । प्रखंड के बतसपुर गाव में ऑर्गेनिक पद्धति से की जा रही खेती का निरीक्षण करने रविवार को देश के विभिन्न राज्यों के 16 प्रतिनिधि बोधगया पहुंचे। बिहार राज्य कृषि बाजार बोर्ड के सचिव संदीप कुमार राय के नेतृत्व में पहुंचे 16 सदस्य वैज्ञानिकों ने पॉली हाउस में जापानी तकनीक से उगाए जा रहे खरबूजे और चेरी टमाटर के उत्पादन को देखा और संचालक मनोरंजन प्रसाद समदर्शी से सारी जानकारी ली।
समदर्शी ने बताया कि इसके लिए गाव के किसानों को प्रशिक्षित कर इस कार्य में लगाया गया है। प्रथम चरण में इसे पायलट प्रोजेक्ट के तहत बतसपुर में शुरू किया गया है। प्रयोग सफल होने पर इसे अन्य गावों में शुरू किया जाएगा। अन्य पंचायत के किसानों को भी इसका प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने वैज्ञानिकों को बताया कि चेरी टमाटर और खरबूजे का उत्पादन कर किसान आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे हैं। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में ऑर्गेनिक खेती आवश्यक है। उन्होंने कहा, निरीक्षण दल में पंजाब, हरियाणा, लेह-लद्दाख, सिक्किम, गुजरात व बिहार के वैज्ञानिक शामिल थे। बाहर से आए वैज्ञानिकों ने बताया कि उनके प्रदेश में भी ऑर्गेनिक पद्धति से खेती की जाती है। यहा के किसानों को भेजें, उन्हें प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।