नदी में डूब रहे दोस्त की तो जान बचा ली, मगर 17 वर्षीय पीयूष खुद डूबा
मोहनियां थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव के बहादुर बेटे की हर कोई चर्चा कर रहा था। खुद की जान पर खेलकर दोस्त को बचाया। इस घटना से शहबाजपुर गांव में कोहराम मच गया। हर किसी की आंखों में बहादुर बेटे को खोने का गम था।
मोहनियां (कैमूर), संवाद सहयोगी । स्थानीय थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव से एक किलोमीटर पूरब कुदरा नदी में स्नान करते समय डूब रहे दोस्त के बचाने में एक किशोर डूब गया। जिससे उसकी जान चली गई। पीयूष ने अपनी जान पर खेलकर दोस्त को तो बचा लिया, मगर खुद डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी से शव को बरामद कर लिया। शाहबाजपुर गांव में अपने इस बहादुर बेटे को गंवाने पर मातम पसर गया। हर कोई पीयूष की बहादुरी की चर्चा कर रहा था। मगर उसके चले जाने का गम सबकी आंखों से छलक रहा था।
खतरे की परवाह नहीं की, फुर्ती से बचाई दोस्त की जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहबाजपुर ग्राम निवासी अजय चौबे के पुत्र पीयूष कुमार (17वर्ष ) अपने दोस्त के साथ गांव से एक किलोमीटर पूरब कुदरा नदी की तरफ गया था। दोस्त भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव का बताया जाता है। जो शहबाजपुर गांव में रहता है। दोनों नदी के पास पहुंचे। पीयूष कुमार का दोस्त नदी में स्नान करने लगा। वह किनारे बैठा था। तभी उसका दोस्त पानी में डूबने लगा। पीयूष उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। वह दोस्त को बचाने में सफल रहा लेकिन खुद नदी में डूब गया।
गांव में कोहराम मचा
इसकी जानकारी होते ही काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। मोहनियां थाना को सूचना दी गयी। मौके पर मोहनियां के थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव पहुंचे। गोताखोरों की मदद से घटना स्थल से कुछ दूरी पर नदी से शव को बरामद कर लिया गया। इस घटना से शहबाजपुर गांव में कोहराम मच गया। सबके मुंह से यही सुना जा रहा था की दोस्त को बचाने में पीयूष की जान चली गई। काश! हमारा बहादुर बेटा भी बच जाता।