Robbery in Gaya: गया के वजीरगंज में तीन लाख की डकैती, घरवालों को बंधक बनाकर दिया घटना को अंजाम
गया जिले के वजीरगंज में सोमवार रात सशस्त्र अपराधियों ने डाकेजनी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान हथियार के बल पर घर के सदस्यों को बंधक बना लिया। अपराधी करीब तीन लाख की संपत्ति लूटकर चले गए।
जेएनएन, वजीरगंज (गया)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के कढ़औना गांव में सोमवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने भीषण डकैती (Robbery)की घटना को अंजाम दिया। लक्ष्मण चौहान के घर से जेवरात, नगद राशि समेत तीन लाख के सामान की डाकेजनी की गई। बहरहाल लगातार हो रही अपराध की घटनाओं से जिलावासी खौफ में हैं। लोगों का कहना है कि अपराधियों के मन से पुलिसिया हनक निकल गई है।
पुरुष सदस्यों के हाथ-पैर बांधकर बना लिया बंधक
लक्ष्मण चौहान ने बताया कि करीब एक बजे रात में घर के बाहरी दीवार के सहारे दो-तीन अपराधी छत पर चढ़ गए। इसके बाद अंदर से मुख्य दरवाजे को खोल दिया। दरवाजा खुलते ही बाहर में घात लगाए करीब दर्जन भर डकैत घर में घुस गए। सभी डकैत हथियारों से लैस थे। डकैतों ने परिवार के सदस्यों को जगाया। इसके बाद सभी को बंदूक और तलवार का भय दिखाकर चुप रहने को कहा। इसके बाद सभी के मोबाइल छीन लिए। इसके बाद सबको एक कमरे में बंधक बना लिया। घर के पुरुष सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए। फिर घर का कोना-कोना खंगालना शुरू किया।
जेवरात के साथ बर्तन और टीवी तक ले गए डकैत
करीब डेढ़ घंटे तक सभी अपराधी बक्से, आलमीरा, पलंग सब जगह खंगालते रहे। करीब डेढ़ लाख के जेवरात, एक बक्से में रखा 12 हजार नकद निकाल लिए। डकैतों ने सभी तरह के कीमती बर्तन, कपड़े, टीवी एवं अन्य घरेलू सामान भी समेट लिए। सामान समेटने के बाद सभी को घर के कमरे में ही बंद कर दिया और फरार हो गए। उनके जाने के बाद शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे। इसके बाद दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर बाद पुलिस पहंची और छानबीन की। अपराधियों के भागने की दिशा में भी पुलिस गई लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ।
थानाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने बताया कि घटना देर रात की है । सूचना मिलते ही गश्ती दल पहुंचा। अपराधियों के जाने की दिशा में पीछा भी किया लेकिन वे अंधेरे का लाभ लेकर भाग निकले। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है। गया से डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई है ।
यह भी पढ़ें- Crime News : घर में चैन से सोते रहे लोग और इधर बक्सा खोलकर नकदी व जेवरात ले उड़े चोर