ठंड में अनार ने गर्म किए तेवर, गया की फल मंडियों में बिक रहा तीन सौ रुपये किलो की दर से, जानिए क्यों
जाड़े के मौसम में फलों के दाम आम दिनों की अपेक्षा काफी कम हो जाते हैं। आज भी बाजार में जम्मू और हिमाचल के अच्छे सेब 80 से लेकर 120 किलो प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। लेकिन अनार का दाम बढ़ा हुआ है।
जेएनएन, गया। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि आलू से भी सस्ता है अनार (Pomegranate) । लेकिन अब अनार के तेवर तीखे हो गए हैं। वह भी ऐसी-वैसी नहीं। अनार इन दिनों काफी महंगा हो गया है। इसके दाम आसमान छूने लगे हैं। गया के मंडियों में इसकी कीमत तीन सौ रुपये प्रतिकिलो है। ठंड के मौसम में इस तरह से कीमत में इजाफा से लोग भी हैरत में हैं।
जाड़े के मौसम में फलों के दाम आम दिनों की अपेक्षा काफी कम हो जाते हैं। आज भी बाजार में जम्मू और हिमाचल के अच्छे सेब 80 से लेकर 120 किलो प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। लेकिन अनार का दाम बढ़ा हुआ है। अमूमन जाड़े में अनार की कीमत 80 से 110 तक रहती थी। लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।
कम आवक से बढ़ी कीमत
गया शहर के केदारनाथ फल मंडी में अनार काफी कम मात्रा में आ रहा है । थोक फल विक्रेता उदय कुमार ने बताया की इस वर्ष अनार का उत्पादन काफी कम हुआ है। इस कारण से इसकी आवक कम हो रही है। ऐसे में दाम बढ़ना स्वाभाविक है। अब नई फसल होने के बाद ही अनार के दाम मार्च तक घटने की उम्मीद है।
गया की मंडी में यहां से आता है अनार
शहर में महाराष्ट्र से अनार आता है। मार्केट में सबसे अधिक अनार महाराष्ट्र के सोलापुर, संगोला, नांदेड़ आदि स्थानों से आता था लेकिन इस वर्ष नहीं आ रहा है। लॉकडाउन के कारण फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं होने के कारण अच्छी फसल नहीं हुई। अभी कोलकाता से अनार आ रहा है। लेकिन इसकी मात्रा काफी कम है। पिछले वर्ष मंडी में महाराष्ट्र से प्रत्येक दिन एक ट्रक अनार आता था। उसमें 1000 कार्टन अनार होता था। लेकिन महंगा होने के कारण अभी दो सौ कार्टन ही आ रहा है।