Rohtas Crime: बिहार के रोहतास में 25 हजार के इनामी बदमाश धनजी को पुलिस ने दबोचा, काफी दिनों से चल रहा था फरार
25 हजार के इनामी बदमाश धनजी पांडेय को रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह 2017 में हुई एक हत्या मामले में अारोपित है। तब से वह फरार चल रहा था। धनजी पर बिहार के अलावा झारखंड में भी मामला दर्ज है।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। बिहार और झारखंड में कई वारदातों को अंजाम दे चुके कुख्यात अपराधी धनजी पाण्डेय को रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी करगहर थाना के करुप गांव से हुई है। यह गिरफ्तारी 2017 में की गई एक हत्या के मामले में की गई है। इनामी बदमाश धनजी से कई मामले में पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसके साथ तीन अन्य भी हिरासत में लिए गए हैं। हालांकि पुलिस अभी कुछ बताने से परहेज कर रही है।
2017 में हुई एक हत्या मामले में है आरोपित
एसपी आशीष भारती ने बताया कि करगहर थाना क्षेत्र में 2017 में हुई एक हत्या मामले में गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी के अनुसार गिरफ्तार अपराधी पर रोहतास, भभुआ के अलावा झारखंड के गढ़वा समेत अन्य जिलों में वह संगीन अपराध मामले की प्राथमिकी दर्ज है। वारदात के बाद वह फरार चल रहा था। उस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। सूत्रों की माने तो उसके साथ अन्य तीन लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। अभी पूरी तरह जांच-पड़ताल के बाद ही पुलिस उन तीनों के संबंध मे कुछ बताएगी।
लंबे समय से गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी पुलिस
बताया जाता है कि धनजी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस काफी दिनों से प्रयास कर रही थी। लेकिन शातिर पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था। पुलिस की एसटीएफ टीम भी काफी दिनों से जाल बिछाए बैठी थी। कई बार जिले में उसके होने की मिल रही सूचना और मोबाइल लोकेशन के बाद पुलिस ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में छापेमारी भी की। लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। आखिरकार शनिवार को पुलिस का प्रयास रंग लाया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार कुख्यात का जिले में आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। साथ ही झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया गया है।