गया में बंधन बैंक के एजेंट से लूट मामले में एक अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे, पैसे दूसरे अपराधी के पास
अपराध की बढ़ती घटनाओं से किरकिरी झेल रही गया जिले की पुलिस को लूट मामले में एक अभियुक्त की गिरफ्तारी से कुछ राहत मिली है। पिछले दिनों की घटना में पुलिस ने शातिर बदमाश को दबोच लिया है। हालांकि लूटे गए रुपये नहीं मिले हैं।
जेएनएन, गया। जिले में बेतहाशा हो रही आपराधिक घटनाओं से पुलिस की किरकिरी हो रही है। ऐसे में शहर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नादरागंज मोहल्ले में बंधन बैंक के एजेंट पवन कुमार से करीब एक लाख रुपये लूट के मामले में एक अपराधी की गिरफ्तारी से पुलिस जरूर सुकून महसूस कर रही है। पकड़ा गया अपराधी शहरी क्षेत्र का ही बड़का राजा है। दूसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार बदमाश के पास से रुपये व बैग नहीं मिले हैं। फरार अपराधी के पास रुपये होने की बात बड़का राजा ने कही है। मालूम हो कि लूटपाट मामले में पवन कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बड़का राजा और राजू पमडि़या को आरोपित किया था।
कोर्ट कैंपस के पास से पकड़ा गया बड़का राजा
सिविल लाइन थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि पिछले दिनों लूट की घटना हुई थी उस मामले में एक आरोपित पकड़ा गया है। यह गया शहर क्षेत्र क्षेत्र का ही है। थानाध्यक्ष ने बताया किबंधन बैंक के कलेक्शन एजेंट पवन कुमार से एक लाख की लूट मामले में दो अभियुक्त राजू पमड़िया और बड़का राजा थे। ये दोनों नादरागंज के ही रहनेवाले हैं। इनका पूर्व का आपराधिक इतिहास रहा है। घटना को अंजाम देकर दोनों फरार हो गए थे। गुरवार को पुलिस को पता चला कि बड़का राजा कोर्ट कैंपस के पास है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
राजू पमडिया के पास हैं पैसे और बैग
थानाध्यक्ष ने बताया कि लूटपाट के बाद ये पैदल ही भागे थे। इससे स्पष्ट था कि अपराधी स्थानीय हैं और गलियों से अच्छी तरह परिचित हैं। पुलिस इस दृष्टिकोण से छानबीन कर रही थी इसी दौरान दोनों अपराधियों का नाम आ गया था। पूछताछ में बड़का राजा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। स्वीकारोक्ति बयान भी उसने दर्ज कराया है। उसने पुलिस को बताया कि बैग और पैसा राजू पमड़िया के पास है। राजू पमड़िया ने कहा था कि मामला शांत होने के बाद बंटवारा करेंगे।