देव परिधि में कर्मकांड को उमड़ी पिंडदानियों की भीड़
गया : श्रीहरि विष्णु चरण परिसर में देश के कोने-कोने से पहुंचे लोग, फल्गु तट पर किया तर्पण।
पेज -5, फोटो - 9, 10
श्रीहरि विष्णु चरण परिसर में देश के कोने-कोने से पहुंचे लोग, फल्गु के तट पर किया तर्पण
जागरण संवाददाता, गया : कर्मकांड के मुख्य स्थल के रूप में भगवान श्रीहरि विष्णु चरण देव परिधि का केंद्र बिंदु है, जहां अन्य वेदियों का विस्तार है। श्रीहरि विष्णु चरण परिसर में 16 वेदियां है, जहां मंगलवार को मतंगपद, क्रौंचपद, इन्दपद, अगस्त्यपद एवं कश्यपपद पिंडवेदी पर पिंडदानियों ने कर्मकांड किया।
वहीं, बुधवार को देव परिधि के बाहर मानपुर स्थित फल्गु नदी के तट पर सीताकुंड में पिंडदान किया जाएगा। पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कर्मकांड कराने का कार्य किया जा रहा था। पिंडदानी सुबह में फल्गु नदी में स्नान एवं तर्पण कर कर्मकांड की सामग्री लेकर विष्णु चरण परिसर में आने लगे। विष्णुपद परिसर में ही उक्त वेदी के अतिरिक्त 16 वेदी है। पश्चिम बंगाल से आए पिंडदानी रामनारायण ने कहा कि कर्मकांड कर मन को काफी शांति मिल रही है। महाराष्ट्र से आए उमेश खेतान ने कहा कि 17 दिनों के कर्मकांड के लिए गया में आए हैं। भगवान विष्णु के समक्ष कर्मकांड कर बहुत अच्छा लग रहा है, क्योंकि चार दिनों तक देव परिधि में कर्मकांड करने कुछ और ही महत्व है। पिंडवेदियों का आकार बिल्कुल हाथी की तरह है, जिसमें 16 पाया बना हुआ है। पिंडदानी पूर्वजों के मोक्ष को लेकर कर्मकांड के बाद पिंड विष्णुचरण पर अर्पित कर रहे थे।