गुलाबी सूट पहने युवती के चेहरे पर पड़ी नजर तो सन्न रह गए लोग, रोहतास पुलिस की बढ़ी माथापच्ची
रोहतास जिले में करगहर थाना क्षेत्र के घुरनपुर पीपरी गांव के बधार के कुएं से पुलिस ने एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया है। हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर एसिड डाल दिया।
करगहर (रोहतास), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के घुरनपुर पीपरी गांव के बधार में शनिवार को कुएं से पुलिस ने एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया है। शव को देखकर प्रतीत होता है कि हत्यारे ने कितनी बेरहमी की है। शव से दुर्गंध आने की वजह से अंदाजा लगाया जा रहा है कि तीन-चार दिन पूर्व यह हत्या की गई है। थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि टेकारी गांव के पशु चराने वालों की नजर कुएं में शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर एएसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
कुएं के पास की गीली मिट्टी दे गए गवाही
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग पशु लेकर उधर गए थे। इस दौरान उनकी नजर वहां की गीली मिट्टी पर पड़ी। चार-पांच दिनों पहले हुई बारिश के कारण वहां की मिट्टी गीली थी। उसपर पांव के निशान दिखे। साथ ही किसी को घसीटे जाने के कारण उसके निशान पड़ गए थे। इसके बाद लोगों की उत्कंठा बढ़ी। वे लोग पास पहुंचे तो देखा कि कान के दो टॉप्स पड़े हैं। इसके बाद उनलोगों ने कुएं में झांका तो सन्न रह गए। कुएं में युवती का शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर सूखे गहरे कुएं से शव को बाहर निकलवाया।
चेहरे पर हत्यारे ने डाल दिया था तेजाब
शव बाहर निकलने पर उसकी दशा देखकर लोग हैरान रह गए। हत्यारों ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए युवती के मुंह पर तेजाब भी डाल दिया था, ताकि शव की शिनाख्त न हो सके। उसके शरीर पर पिंक कलर का सूट था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान का प्रयास किया। लेकिन किसी ने उसे नहीं पहचाना। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा है।