पैक्सों व व्यापार मंडलों को धान की खरीदारी से पहले करने होंगे कोरोना वायरस से बचाव के इंतजाम
कैमूर जिले में करीब 2 लाख 40 हजार एमटी धान की खरीदारी की जानी है। जिला प्रशासन ने इसके लिए पैक्सों व व्यापार मंडलों के अध्यक्षों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने को कहा है। खरीदारी से पूर्व कई इंतजाम करने होंगे।
जेएनएन, भभुआ। किसानों से धान खरीदारी की जिम्मेदारी पैक्सों व व्यापार मंडल को दी गई है। इस क्रम में उन्हें कई एहतियातों के पालन करने का निर्देश भी दिया गया है ताकि किसी प्रकार से कोरोना संक्रमण नहीं हो। इस निर्देश में कोरोना से बचाव व सुरक्षा के इंतजाम करने को प्रमुख तौर पर रखा गया है।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के स्तर से सरकार के सचिव विनय कुमार के जारी निर्देश में बताया गया है कि क्रय केंद्रों एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर अधिप्राप्ति कार्य एवं कोविड -19 से बचाव संबंधित महत्वपूर्ण सूचना का बैनर या दीवार अभिलेखन करना है। किसानों का आॅनलाइन पंजीकरण करना है। क्रय केंद्र के लिए प्रतिदिन अनुमानित अधिप्राप्ति के आकलन के अनुरूप भंडारण के लिए गोदाम की व्यवस्था करनी है।
क्रय केंद्र पर करने होंगे ये इंतजाम- क्रय केंद्र पर माप तौल यंत्र की व्यवस्था करनी है। मॉयस्चर मीटर, ब्लोअर या ड्रायर की व्यवस्था होनी चाहिए। साबुन, पानी, सैनिटाइजर की व्यवस्था के अतिरिक्त अधिप्राप्ति कार्यों में संलग्न कर्मी, पदाधिकारी द्वारा आवश्यक रूप से मास्क पहन कर खरीदारी का कार्य संपन्न कराना है। प्रतिदिन आॅनलाइन पंजीकृत किसानों की सूची जिले में वेबसाइट, पैक्स, व्यापार मंडलों के क्रय केंद्र पर प्रदर्शित करने की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि किसानों को आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके। क्रय केंद्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए। निर्देश में यह भी कहा गया है कि मापदंड के अनुरूप दक्ष एवं योग्य कर्मियों, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, केंद्र के आसपास खुले स्थान, विहित प्रक्रिया के अनुरूप पंजियों का संधारण, किसानों को पीएफएमएस के माध्यम से 48 घंटा के अंदर भुगतान के लिए प्राधिकृत पदाधिकारी का पदस्थापन करना होगा।
बता दें कि कैमूर जिले में किसानों से कुल 2 लाख 40 हजार एमटी धान की खरीदारी करनी है। इसके लिए पैक्स व व्यापार मंडल को जिम्मेदारी दी गई है। धान खरीदारी की तिथि 23 नवंबर से ही घोषित है। लेकिन अब तक जिले में धान खरीदारी शुरू नहीं हो सकी है।