रोहतास में फोरलेन पर हादसे में एक की मौत, आधा दर्जन जख्मी, स्कॉर्पियो से बाइक की हुई थी टक्कर
रोहतास में डेहरी-सासाराम के बीच फोरलेन पर शुक्रवार देर रात स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। नियंत्रण खोने के बाद स्कॉर्पियो भी पलट गई। इसमें आधा दर्जन सवार घायल हो गए।
सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। दरिगांव थाना क्षेत्र के फोरलेन बाइपास पर डेहरी-सासाराम के बीच कोटा गांव के समीप शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP 50 AH 3536) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो की जद में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान शहर के चलनिया मोहल्ला निवासी भुलेटी सोनकर के 27 वर्षीय पुत्र नखरु सोनकर के रुप में हुई है। स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर उसकी छानबीन की जा रही है।
फोरलेन पर आ रहा था बाइक सवार तभी लगी टक्कर
बताया जाता है कि बाइक सवार युवक रात में परकोटा गांव के समीप करपूरवा गांव से आने वाले लिंक रोड से फोरलेन पर आ रहा था। इसी क्रम में स्काॅर्पियो ने उसे रौंद दिया। वाहनों की आपसी टक्कर होने के बाद स्काॅर्पियो भी बेकाबू होकर पलट गई। घटनास्थल पर ही नखरू सोनकर की मौत हो गई। इधर स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन लोग भी जख्मी हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े। पुलिस को सूचना दी गई।
स्कॉर्पियो सवार लोगों का पता लगा रही पुलिस
दरिगांव थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद शनिवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार इस दुर्घटना में स्काॅर्पियो सड़क पर पलट जाने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। उस पर सवार आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। फिलहाल उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। कयास लगाया जा रहा है कि घायल स्काॅर्पियो सवार लोग किसी प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहे है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और स्कार्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है। एनएचआइ के पेट्रोलिग टीम के सदस्य कामेश्वर राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्काॅर्पियो को सड़क से हटाते हुए फोरलेन पर आवगमन को पूरी तरह से सुचारु कर दिया गया है।