Nawada: जिससे जा रहे थे उसी टेंपो के पहिए के नीचे आने से वृद्ध की मौत, लोगों ने किया सड़क जाम
नवादा-जमुई पथ पर जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मेघीपुर गांव के समीप सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के करनापर गांव के निवासी द्वारिक चौहान (65 वर्ष) थे।
नवादा, जागरण संवाददाता। नवादा-जमुई पथ पर जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मेघीपुर गांव के समीप सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के करनापर गांव के निवासी द्वारिक चौहान (65 वर्ष) थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। घटना के बाद कुछ देर के लिए लोगों ने आवागमन भी बाधित कर दिया। पुलिस ने ने समझाकर जाम समाप्त करवाया।
हादसे के बाद गाड़ी लेकर भाग निकला टेंपो चालक
बताया गया कि वे एक टेंपो से पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पिपरा पोखरा गांव अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जिस टेंपो पर सवार थे। गाड़ी जैसे ही मेंघीपुर पंहुची कि वह चलती वाहन से गिर पड़े।गिरते ही टेम्पो का पिछला हिस्सा का चक्का उनके सिर पर चढ़ गया। इस कारण उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई। हादसे के बाद चालक टेंपो लेकर भाग निकला। घटना से आक्रोशितों गांववासियों ने नवादा-जमुई पथ को जाम कर दिया।
मुआवजे का आश्वासन देकर हटाया जाम
घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित मढ़हल गांंव में मृतक की पुत्री का सुसराल भी है। घटना के बाद हो हल्ला होने पर उसके स्वजन पहुंचे। उनके विलाप से माहौल गमगीन हो गया। मृतक के गांव से भी लोग पहुंच गए। इस बीच आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क को जाम कर दिया। जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी मिलते ही बीडीओ समेत थानाध्यक्ष अपने-अपने दल-बल के साथ घटना स्थल पर पंहुचे। बीडीओ डॉ अखिलेश कुमार,थानाध्यक्ष नागमणि भास्कर, एसआई बिनोद सिंह तथा दिनेश कुमार घटना स्थल पर पंहुचकर जाम हटाया। इसके बाद शव को पोस्टर्माटम के लिए नवादा भेज दिया। वंही मौके पर पंहुचे बीडीओ ने कहा कि मृतक को हमारे कार्यालय से मृत्यु प्रमाणपत्र मिल जाएगा। शेष लाभ मृतक के ही प्रखंड से मिलेगा।