हे देवी, कैसे होगी आपकी आराधना, डूब गया यज्ञ मंडप इधर गया पुलिस दे रही लॉकडाउन का हवाला
गया जिले के अतरी प्रखंड की धूसरी पंचायत में शतचंडी महायज्ञ के आयोजन पर ग्रहण लग गया है। यास के दौरान हुई बारिश से यज्ञ मंडप और साधु-संतों के लिए बनाई गई कुटिया डूब गई। वहीं पुलिस ने भी लॉकडाउन का हवाला दिया है।
अतरी (गया), संवाद सूत्र। गया जिले के अतरी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धूसरी पंचायत के करजनी गांव में 11 जून से 19 जून तक होने वाले शत चंडी महायज्ञ की तैयारी अंतिम चरण पर थी। कोरोना का कहर तो था ही इस बीच यास तूफान के दौरान हुई बारिश ने यज्ञ मंडप को पूरी तरह डुबो दिया है। इसमें लाखों का नुकसान हुआ है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि इससे हमारा मनोबल नहीं टूटा है। उनका कहना है कि राम जानकी का जो मंदिर बना है उसमें भगवान की प्राण प्रतिष्ठा हमलोग करेंगे। हालांकि पुलिस ने आयोजन करने से मना कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि लॉकडाउन में ऐसे आयोजन पर रोक है।
आहर में किया जाना है यज्ञ का आयोजन
यज्ञ में अयोध्या से कई प्रवचन कर्ता के साथ साधु संत का आगमन होने वाला है। उसकी तैयारी की जा रही है। यज्ञ मंडप के साथ कई छोटी-छोटी कुटिया बनाई गई थी। यज्ञमंडप की सारी तैयारी अयोध्या से आए हुए कलाकारों ने ही की थी। यज्ञ का आयोजन गांव के आहर में किया जाना था। लेकिन आहर में पानी भर जाने के कारण यज्ञ मंडप के साथ साथ साधु महात्मा के लिए बनाए गए छोटे-छोटे कुटिया भी पानी में डूब गए। जल यात्रा होनी थी। वहींं 12 जून को प्राण प्रतिष्ठा का समय निर्धारित किया गया था। यज्ञ मेंं 11 जून से 19 जून तक नित्य संध्या 7 बजे से 9 बजे तक अयोध्यावासी चंद्रकला जी रामकथा का प्रवचन करने वाली थीं। देर रात रासलीला का आयोजन होना था।
पुलिस ने गांव पहुंचकर कहा-लॉकडाउन में कुछ भी नहीं करना है
गेहलौर ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार सिंह को जब करजनी गांव में शतचंडी महायज्ञ होने की सूचना मिली तो उन्होंने करजनी गांव पहुंच कर ग्रामीणों को यज्ञ करने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की अवधि में किसी तरह का कोई भी धार्मिक कार्यक्रम करने का आदेश सरकार के द्वारा नहीं दिया गया है। इसके चलते आप लोग यज्ञ नहीं कर सकते हैं। अगर यज्ञ किया जाएगा तो आप लोगों के विरूद्ध विधि सम्मवत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ग्रामीणों को उम्मीद है कि आठ जून के बाद लॉकडाउन खत्म कर दिया जाएगा। यज्ञ का आयोजन तो 11 जून से होना है।