गया के शेरघाटी में महिला की मौत मामले में नया मोड़, गोतनी का आरोप-सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या
गया के शेरघाटी में महिला की संदिग्ध स्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की गोतनी ने आरोप लगाया है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। घटनास्थल पर खाली बोतल अंडे के छिलके मिले थे।
संवाद सहयोगी, शेरघाटी (गया)।शेरघाटी थाना क्षेत्र के बेला पंचायत अंतर्गत श्रीचक गांव के ईंट भट्ठा में मजदूरी करने वाली महिला की हत्याकांड में नया मोड़ ले लिया है। मृतका की गोतनी ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है। 35 वर्षीय महिला का शव गुरुवार को चौर के एक गड्ढे से बरामद किया गया था। मृतका के पति और देवर कमाने के लिए गुजरात में रहते हैं। घर पर केवल मृतका और गोतनी ही बच्चों के साथ रहती थीं।
शरीर पर नहीं थे कपड़े, पास बिखरे पड़े थे अंडे और आलू के छिलके
महिला ने कहा कि गुरुवार की सुबह लगभग नौ बजे जब मैं और मेरी बेटी जलावन चुनने के लिए हरना बधार की ओर जा रही थी तो रास्ते में एक व्यक्ति मिला। उसने बताया कि हरना बहेलिया बीघा के बीच खेत में महिला का शव पड़ा हुआ है। जब मैं और मेरी बेटी वहां पहुंची तो देखा कि गोतनी का शव पड़ा है। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। सिर मेड़ पर और पांव खेत में लटका हुआ था। शव देखकर चीखने-चिल्लाने लगी तो आसपास के लोग जमा हुए। वतां पर हरे रंग का बोतल, अंडे और आलू का छिलका बिखरा पड़ा था। मृतका की गोतनी ने बताया कि हमें संदेह है कि शराब के नशे में सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। वह अक्सर गांव खाप के बेंगा मंडल की पत्नी सबिया के साथ ईंट भट्ठे पर जाती थी। गुरुवार को भी वह उसी के साथ गई थी।
थानाध्यक्ष ने कहा-दुष्कर्म की आशंका नहीं
शेरघाटी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने शुक्रवार को बताया कि दलित महिला की हत्या को लेकर उसके साथ जाने वाली सबिया देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक मृतका के स्वजन की ओर से कोई आवेदन नहीं आया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो महिला का शव साड़ी में लिपटा हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की घटना प्रतीत नहीं होती है। क्योंकि घटनास्थल की मिट्टी गीली थी लेकिन वहां किसी प्रकार का निशान नहीं मिला है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। परंतु उन्होंने स्वीकार किया कि घटनास्थल पर पानी का बोतल अंडे एवं पके हुए आलू के छिलके पाए गए हैं।
मृतका के चारों बच्चे नाबालिग
मृतका सरिता देवी के चार नाबालिग बच्चे हैं। खुशबू कुमारी और संतोष कुमार जुड़वा उम्र लगभग 13 वर्ष सुषमा कुमारी 7 वर्ष एवं मंतोष कुमार 5 वर्ष बच्चों की परवरिश कैसे हो इस बात को सोचकर बच्चों की बूढ़ी दादी मशोमात कोशिलवा देवी दहाड़ मारकर रो पड़ती है। स्वजनों ने बताया कि दाह संस्कार के लिए मुख्यमंत्री कबीर अंत्येष्टि योजना का 3000 मिला है।
स्वजनों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
मृतका सरिता देवी के स्वजनों ने हत्या के मामले में सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। स्वजनों ने कहा कि हम लोग गरीब दलित हैं। हम लोगों को पूरा विश्वास है कि मृतका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।