एनडीए की सरकार ने किसानों का शोषण व बेरोजगारों को ठगने का काम किया : तेजस्वी
गया नेता प्रतिपक्ष व राजद विधायक तेजस्वी यादव सोमवार को जिले में एक-एक कर छह विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा किए। सभा में उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील जनता से की और मंच पर प्रत्याशियों को विजयी माला पहनाया।
गया : नेता प्रतिपक्ष व राजद विधायक तेजस्वी यादव सोमवार को जिले में एक-एक कर छह विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा किए। सभा में उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील जनता से की और मंच पर प्रत्याशियों को विजयी माला पहनाया।
संवाद सूत्र, बेलागंज : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पड़ाव मैदान पर आयोजित सभा में कहा कि बिहार बेरोजगारी का केंद्र बन गया है। राजग की सरकार ने अपने कार्यकाल में मजदूरों व किसानों का शोषण और बेरोजगारों को ठगने का काम किया। जो 15 वर्षों में रोजगार के अवसर नहीं दे पाए। वे एक मौका और मांग रहे हैं। उनके सभा में बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ताओं ने राजद का दामन थामा। सभा को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक सह राजद प्रत्याशी डॉ सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि इस बार फल्गु नदी में बिथों बियार बांध का निर्माण, बेलागंज में केन्द्रीय विद्यालय का निर्माण, विद्युत ग्रिड का नवीनीकरण व बेलागंज में स्टेडियम का निर्माण हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अगर इस बार हम अपनी वायदे को नहीं पुरा किया तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
संवाद सूत्र, मोहनपुर : मोहनपुर के विहिया खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो किसानों का कृषि ऋण माफ होगा। उन्होंने कहा कि पांच साल के लिए महागठबंधन की सरकार बनाने में मदद करें।
संवाद सूत्र, फतेहपुर : फतेहपुर के प्लस टू राम सहाय उच्च विद्यालय में तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा कि 10 नवंबर को डबल इंजन की सरकार का बिहार से क्रिया कर्म हो जाएगा। करीब 40 लाख प्रवासी हजारों किलोमीटर पैदल चलकर घर लौटे तो उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। महागठबंधन सत्ता में आएगा तो 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा।
संवाद सूत्र, खिजरसराय : अतरी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार अजय यादव उर्फ रंजीत यादव के पक्ष में मतदाताओं से समर्थन मांगने आए तेजस्वी ने मध्य विद्यालय सीढ़ दुनीचक के प्रांगण में एक जनसभा को संबोधित किया। करीब 45 मिनट के भाषण में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दी। उन्होंने अतरी विधानसभा से महागठबंधन के उम्मीदवार अजय यादव उर्फ रंजीत यादव को जीता कर विधानसभा भेजने की अपील की। मौके पर विधायक कुंती देवी, राजद अध्यक्ष सतेंद्र यादव,कांग्रेस अध्यक्ष नवलकिशोर शर्मा,विनय यादव,नवलेश सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
संवाद सूत्र, गुरुआ : गुरुआ हाई स्कूल के मैदान में तेजस्वी यादव ने राजद उम्मीदवार विनय कुमार यादव के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार नही बनने देंगे।इसके लिए आपलोग 28 अक्टूबर को एक-एक वोट लालटेन छाप पर देकर एक बार मुझे मुख्यमंत्री बनाने का काम करें।
संवाद सूत्र, वजीरगंज। अगर मैं मुख्यमंत्री बना तो राज्य के दस लाख बेरोजगारों को रोजगार दूंगा और सभी किसान भाइयों को खेती के लिए बिजली उपलब्ध कराऊंगा। जिसका आधा बिल सरकार भरेगी। ये बातें सोमवार को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कही।