Lockdown में पुलिस सतर्कता की ख्ुाली पोल, गया में युवक की गला रेतकर हत्या से हड़कम्प
गया के वजीरगंज में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है।
गया, जेएनएन। गया के वजीरगंज थाना क्षेत्र के रूदई मोड़ के निकट खेत में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार को उसका शव खेत से बरामद हुआ। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शव मिलने की जानकारी स्थानीय थाने को दी। लॉकडाउन के दौरान हुई इस वारदात ने पुलिस सतर्कता की पोल खोल दी है।
मृतक की पहचान महदेवा निवासी लखन चौधरी (30 वर्ष) पुत्र रामभजन चौधरी उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुड्डू निकट के गाव हंसरा में ताड़ी बेचने का काम करता था। रात को घर जाने के समय पूर्व से घात लगाए हमलावरों ने रूदई मोड़ के निकट खेत में उसे दबोच लिया और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
उसने खुद की जान बचाने का प्रयास भी किया। हमले से उसके हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में जख्म का निशान भी मिला है। हमलावरों की संख्या अधिक रही होगी, इसी कारण वे उसकी हत्या कर फरार हो गए।
दो वर्ष पूर्व गुड्डू की पत्नी की भी किसी बीमारी से मौत हो गई थी। इस कारण अब उसके तीनों बच्चे अनाथ हो गए हैं। बच्चों की उम्र क्रमश: दस साल, आठ साल व छह साल है। थानाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने बताया कि मृतक के बहनोई अशोक चौधरी के बयान पर मामला दर्जकर शव का अंत्यपरीक्षण कराकर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जाच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल की बारीकी से जाच कर मामले का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है। बीडीओ आनंद प्रकाश ने बताया कि मृतक के स्वजनों के ऑनलाइन आवेदन करने के बाद पारिवारिक लाभ की राशि दे दी जाएगी।