युवक की हत्या कर शव को घर के पास फेंका
संवाद सूत्र, डोभी : प्रखंड के कंजीआर गाव निवासी 23 वर्षीय युवक पप्पू यादव की हत्या अज्ञात अपर
संवाद सूत्र, डोभी : प्रखंड के कंजीआर गाव निवासी 23 वर्षीय युवक पप्पू यादव की हत्या अज्ञात अपराधियों ने शुक्रवार को धारदार हथियार से कर दी। अपराधियों ने शव को घर के पास ही बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे फेंक दिया। शव को धान काटने जा रहे लोगों ने देखा। मृतक सोमर यादव का पुत्र था, जो बुधवार से घर से लापता था। गुस्साए लोगों ने गया-चतरा मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया।
मृतक के मामा मनोज यादव ने बताया कि पप्पू की मानसिक स्थिति कुछ दिन से ठीक नहीं थी। दो दिनों से लापता रहने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। शुक्रवार शाम धान काटने जा रहे लोगों ने बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे शॉल से ढका शव देखा। शॉल हटाने पर लोगों ने देखा कि पप्पू का शव है।
उन्होंने कहा कि हत्या का कारण उसके पैतृक घर मसौंधा का जमीनी विवाद हो सकता है। घटना से आक्रोशित लोगों ने गया-चतरा मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर पहुंचे अंचलाधिकारी संजय कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार राय और थानाध्यक्ष रविभूषण पहुंचे। लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों ने कई वाहनों के शीशे तोड़ डाले। अधिकारियों ने मृतक के परिजन को पारिवारिक लाभ योजना मद की राशि और रहने के लिए जमीन देने की घोषणा की। तब लोग सड़क से हटे। लगभग ढ़ाई घंटे सड़क जाम से वाहनों का परिचालन पूर्णतया ठप रहा। देर शाम तक अधिकारी घटनास्थल पर कैंप किए हुए थे। थानाध्यक्ष रविभूषण ने बताया कि हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों द्वारा लिखित आवेदन देने पर अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।
यहां यह बता दें कि पिछले 20 दिनों ने प्रखंड क्षेत्र में हत्या कर शव को घर के पास फेंके जाने की यह दूसरी घटना है। इससे लोग दहशत में हैं। इससे पहले 18 अक्टूबर को डोभी के रौशन तांती की हत्या कर अपराधियों ने घर के पास शव को फेंक दिया था। इस हत्याकांड के आरोपित को गिरफ्तार नहीं किए जाने से ग्रामीण पुलिस के प्रति आक्रोशित थे।