खुल गए मां के पट, दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़
शारदीय नवरात्र के दौरान जिले में भक्ति की गंगा बह रही है।
गया : शारदीय नवरात्र के दौरान कैमूर जिले में भक्ति की गंगा बह रही है। शुक्रवार को भभुआ नगर में बनाए गए पंडाल में विराजमान मां दुर्गा का पट खोल दिया गया है। इसके चलते अब बाजार आने वाले श्रद्धालु मां का दर्शन कर रहे हैं। वहीं शारदीय नवरात्र को लेकर बाजार में खरीदारी करने भी लोग पहुंच रहे हैं। इसके चलते बाजार में चहल-पहल काफी बढ़ गई है। हालांकि चुनाव के चलते वाहनों के नहीं चलने से लोगों को कहीं आने-जाने में परेशानी हो रही है। इसके चलते इस बार नवरात्र में पूर्व के वर्षों की तरह भीड़ नहीं हो रही है। लेकिन भीड़ जो है उससे बाजार में रौनक है। वहीं देवी मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर खुब भीड़ चल रही है। नगर के देवी मंदिर में सुबह से ही महिलाएं पूजा अर्चना के लिए पहुंच रही हैं। नगर के विभिन्न वार्डों में रहने वाली महिलाओं की संख्या सुबह होते होते देवी मंदिर में काफी अधिक हो जा रही है।
उधर, भगवानपुर प्रखंड के मां मुंडेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी अधिक हो रही है। शुक्रवार को उम्मीद से अधिक भीड़ हो गई। इसके चलते मां मुंडेश्वरी मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। लेकिन समिति के द्वारा की गई व्यवस्था से सभी श्रद्धालुओं को मां मुंडेश्वरी का दर्शन हो गया। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने से प्रसाद दुकानदारों की भी इन दिनों खुब चांदी कट रही है। कोरोना काल में अनलॉक होने के बाद दुकानदारों का व्यवसाय अच्छा चल रहा है। वहीं जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देवी मंदिरों में पूजा अर्चना का कार्य चल रहा है। कई मंदिरों में नौ दिन तक अखंड हरिकीर्तन व पाठ का आयोजन हो जा रहा है। इससे जिले में भक्तिमय माहौल कायम है।