Bharat Bandh: गया में बंद का मिला-जुला असर, राजद-माले के साथ सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
Bharat Bandh किसान संगठनों के भारत बंद का मिला-जुला असर देखा जा रहा है। कहीं-कहीं दुकानें बंद कराई जा रही हैं। किसान संगठनों के साथ राजद कांग्रेस और वाम दल ने बंद का समर्थन किया है। जगह-जगह दुकानें बंद कराई जा रही है।
जेएनएन,गया। Bharat Bandh भारतीय किसान संगठनों के शुक्रवार को भारत बंद आह्वान का शेरघाटी बाजार से लेकर जीटी रोड पर सुबह से ही असर दिखने लगा है। इधर राष्ट्रीय जनता दल ने बंद का पुरजोर समर्थन किया है। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर लोगों से अपनी-अपनी दुकान और प्रतिष्ठान बंद करने की अपील शुरू कर दी है। किसान संगठनों के भारत बंद का समर्थन शेरघाटी अनुमंडल में राजद के अलावा माले भी कर रहा है। कांग्रेस के लोग भी राजद के साथ सड़क पर देखे जा रहे हैं।
गया में सवारी गाड़ियों का परिचालन बंद
भारत बंद को लेकर शेरघाटी अनुमंडल क्षेत्र की औरंगाबाद सीमा आमस के मझौलिया से लेकर झारखंड सीमा मोहनपुर तक जीटी रोड पर सड़कों की आवाजाही कम दिख रही है। शेरघाटी बस स्टैंड में भी स्थानीय जगहों से चलने वाली सवारी बसें आदि का परिचालन भी बंद है। लंबी दूरी की बसें एवं लंबी दूरी के भार वाहक वाहन ट्रक, टैंकर आदि चलते देखा जा रहा है।
(रोहतास में सड़क जाम करते बंद समर्थक।)
(नवादा में प्रदर्शन करते बंद समर्थक)
जगह-जगह जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
बंद के समर्थन में औरंगाबाद, नवादा, रोहतास और कैमूर जिले में भी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कई जगहों पर आवागमन बाधित किया। सरकार के विरोध में जमकर नारे लगाए। औरंगाबाद के मदनपुर में महागठबंधन के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया। नवादा में बाजार की दुकानें बंद कराई गईं। राजद के जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में बंद समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। खासकर राजद कार्यकर्ता विधानसभा में हुई घटना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। बंद का असर यातायात व्यवस्था पर देखने को मिला। कई जगह बंद समर्थकों ने यातायात बाधित रखा। गाड़ियों का परिचालन रोक दिया। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।