ताबड़तोड़ फायरिग से दहला माड़नपुर मोहल्ला
विष्णुपद थाना क्षेत्र का माड़नपुर मोहल्ला रविवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिग से दहल उठा। लगभग 15 राउंड ताबड़तोड़ फायरिग हुई। लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी मौके से फरार हो गए। एक पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विवाद के पीछे का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
गया । विष्णुपद थाना क्षेत्र का माड़नपुर मोहल्ला रविवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिग से दहल उठा। लगभग 15 राउंड ताबड़तोड़ फायरिग हुई। लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी मौके से फरार हो गए। एक पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विवाद के पीछे का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एक स्कॉर्पियो से कई लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे। माड़नपुर स्थित महावीर कॉलेज के समीप एक प्लॉट पर मकान का निर्माण हो रहा था। निर्माण कार्य बंद कराने के लिए ताबड़तोड़ फायरिग करने लगे। वहां मौजूद रहे लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। पुलिस ने मौके से एक दर्जन से अधिक गोली के खोखे बरामद किए हैं। अभी इसकी जांच की जा रही है कि फायरिग रिवॉल्वर से की गई या अन्य हथियार से।
थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने बताया कि फायरिग की वारदात हुई है। इसका कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। उन्होंने बताया, मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। हालांकि, पीड़ित और आरोपितों के नाम बताने से उन्होंने इन्कार किया। वारदात में विपक्ष के एक राजनीतिक दल से जुड़े लोगों को आरोपित बनाया गया है। फिलहाल, पुलिस सफेदपोश नेता और संरक्षक का नाम छिपा रही है।
----
कुछ दिन पहले ही हुई थी मुकेश की हत्या
विष्णुपद थाना क्षेत्र में निरंतर वारदातें हो रही हैं। बीते सप्ताह इसी थाना क्षेत्र में मुकेश यादव की हत्या कर दी गई थी। विरोध में गया-बोधगया सड़क को जाम कर लोगों ने प्रदर्शन किया था। डीएसपी राज कुमार साह व थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने आश्वासन दिया था कि 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। मुकेश हत्याकांड में पांच लोगों को आरोपित बनाया गया था। इनमें से किसी आरोपित की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।