Good: सीयूएसबी की कृतिका को राज्यपाल ने किया पुरस्कृत, भभुआ की निभा को भी मिला सम्मान
गणतंत्र दिवस कैंप में बेहतर प्रदर्शन के लिए दक्षिण बिहार केंद्रीय विवि की कृतिका को राज्यपाल ने सम्मानित किया है। वे यहां की एनसीसी कैडेट के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। भभुआ की एक छात्रा को भी यह पुरस्कार मिला है।
संवाद सहयोगी, टिकारी (गया)। दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (Central University of South Bihar) की एनसीसी कैडेट कृतिका सिंह को राज्यपाल फागू चौहान ने सम्मानित किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने नाम रोशन किया है। कृतिका विश्वविद्यालय की बीए बीएड (पंचम सत्र) की छात्रा है। साथ ही भभुआ कॉलेज, भभुआ की निभा कुमारी को भी पुरस्कृत किया गया है।
गणतंत्र दिवस परेड के लिए की गई सम्मानित
गणतंत्र दिवस कैंप (Republic Day Camp) 2021 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उन्हें पुरुस्कृत किया गया है। कृतिका ने सीयूएसबी के शिक्षा पीठ की सहायक प्राध्यापिका सह एनसीसी एसोसिएट नोडल ऑफिसर डॉ. प्रज्ञा गुप्ता के नेतृत्व में इस कैंप में भाग लिया था। कृतिका के पुरुस्कृत होने पर कुलपति प्रो हरिश्चंद्र सिंह राठौर, कुलसचिव कर्नल राजीव कुमार सिंह के साथ छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो आतीश पराशर, अधिष्ठाता शिक्षक शिक्षा विभाग प्रो कौशल किशोर आदि ने बधाई दी है।
राजभवन में हुआ था आयोजन
डॉ प्रज्ञा गुप्ता ने बताया कि राजभवन में गणतंत्र दिवस परेड कैंप से लौटे कैडेट्स के एट होम कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स तथा प्रत्येक ग्रुप के सर्वश्रेष्ठ कैडेट को पुरस्कृत किया है। सीयूएसबी की कृतिका सिंह को सर्वश्रेष्ठ सीनियर विंग गया ग्रुप के लिए पुरस्कृत किया गया। साथ ही ग्रुप में शामिल भभुआ कॉलेज, भभुआ की निभा कुमारी को गणतंत्र दिवस कैंप में हिस्सा लेने के लिए पुरस्कृत किया गया है। दोनों ही छात्राओं ने अपने संस्थानों के साथ गया ग्रुप का भी नाम रोशन किया है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि कृतिका सिंह ने वर्षभर सर्वाधिक ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। अनेक पुरस्कार भी अपने नाम किए। जिसमें स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, वादविवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एवं एनईपी प्रेजेंटेशन प्रथम स्थान आदि शामिल है।
राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में राज्यपाल फागू चौहान ने कहा कि एनसीसी युवाओं में देश प्रेम, अनुशासन, समता एवं सामाजिक सहयोग, परिश्रम, ईमानदारी आदि गुणों को विकसित करने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। इस अवसर पर राजभवन में उपमुख्यमंत्री तारा किशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री नीरज कुमार, कला संस्कृति एवं युवा विभाग के प्रधान सचिव रवि मनु भाई परमार राज्यपाल के सचिव रॉबर्ट एल चौथयू तथा अपर महानिदेशक एनसीसी बिहार एवं झारखंड निदेशालय मेजर जनरल एम इंद्र बालन सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित थेI
कृतिका के इस कामयाबी पर मेजर जनरल एम इंद्र बालन, ग्रुप कमांडर गया मुख्यालय ब्रिगेडियर सी सी जलील, कमांडिंग ऑफिसर 23 बिहार बटालियन एनसीसी कर्नल एम के चौहान, एएनओ भभुआ कॉलेज, लेफ्टिनेंट नीलम सिंह ने छात्राओं को बधाई के साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
[07/02, 4:08 pm] +91 95257 94849: भभुआ से वेब के लिए