Kaimoor News: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला बदमाश चढ़ गया पुलिस के हत्थे, पिस्टल और गोलियां जब्त
रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भरिगांवा गांव से पुलिस ने दो अवैध असलहे के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से आठ जिंदा कारतूस व मोबाइल भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार बदमाश विशाल पांडेय भरिगांवा के रामदुलार पांडेय का पुत्र बताया जाता है।
संवाद सूत्र, रामगढ़ (भभुआ)। रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भरिगांवा गांव से पुलिस ने दो अवैध असलहे के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से आठ जिंदा कारतूस व मोबाइल भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार बदमाश विशाल पांडेय भरिगांवा के रामदुलार पांडेय का पुत्र बताया जाता है, जो पूर्व में भी लूटकांड के मामले में जेल जा चुका है। घटना शनिवार की रात दस बजे के आसपास की बताई जाती है।
घटना के वक्त उक्त बदमाश पिस्टल व कट्टा से गांव में फायरिंग कर रहा था। तीन राउंड हवा में गोली चलाने से गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया था। इस आशय की जानकारी प्रशिक्षु डीएसपी व थानाध्यक्ष ऋषि राज ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश द्वारा हथियार से गांव में फायरिंग किए जाने की सूचना जैसे ही मिली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस गाड़ी से जवानों को उतरते देख भागने की कोशिश किया, लेकिन उसे हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार विशाल पांडेय बहुत ही शातिर है। पूर्व में भी लूटकांड की एक घटना में वह जेल जा चुका है। पुलिस को गांव में इसके द्वारा हरकत की सूचना मिल रही थी। शनिवार की रात्रि में अपने छत व गली में निकलकर तीन चार राउंड फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाने का कार्य किया। इसके द्वारा अन्य किसी तरह की घटना को अंजाम देने की योजना पर पुलिस ने पानी फेर दिया।
यह हथियार कहां से प्राप्त हुए हैं, इसकी जानकारी में पुलिस जुट गई है। बताया जाता है कि पूर्व में भी कई बार उक्त अपराधी द्वारा गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाया गया था।