चरम पर है अफसरशाही, जनता से उचित व्यवहार नहीं करते अफसर, ये हम नहीं, औरंगाबाद के जदयू कार्यकर्ता कह रहे हैं
औरंगाबाद के ओबरा में जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक में अफसरशाही पर नाराजगी व्यक्त की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अधिकारी जनता के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते। वे मनमानी करते हैं। इस कारण से सरकार की बदनामी हो रही है।
संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद)। प्रखंड मुख्यालय के जदयू सामाजिक सुधार सेनानी प्रकोष्ठ कार्यालय में सोमवार को विधानसभा चुनाव के जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में कार्यकर्ताओं से संगठित होने की अपील की गई। साथ ही क्षेत्र में लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए समर्पित होने को कहा गया। बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन की मजबूती व विस्तार पर प्रमुखता से चर्चा की।
सुनील कुमार ने कहा कि संगठन को और विस्तार करें। प्रखंड में जो भी समस्याएं हैं उन्हें एक पत्र के माध्यम से हमें समर्पित करें। क्षेत्र के विकास के लिए जहां भी जरूरी कार्य करना हो वहां पर कार्य कराया जाएगा। कहा कि क्षेत्र में प्रत्याशी के रूप में लोगों ने हमें बहुत स्नेह एवं प्यार दिया है। इसके लिए हम ओबरा की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। कहा कि क्षेत्र में सरकार के द्वारा जन कल्याण योजना चलाई जा रही है। एनडीए की सरकार में हर तरफ से चहुंमुखी विकास हो रहा है।
जनता से ठीक व्यवहार नहीं करते बीडीओ-सीओ
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय में अफसरशाही पर नाराजगी जताई। कहा कि वे दूरदराज से आए लोगों के प्रति उचित व्यवहार नहीं करते। आए दिन लोगों के कार्यों का सही निष्पादन नहीं हो रहा है इससे सरकार और पार्टी की क्षेत्र में बदनामी हो रही है। सीओ से लेकर बीडीओ तक सब मनमाने तरीके से प्रखंड में कार्य कर रहे हैं। जदयू नेता ने कहा कि इसकी एक प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को समर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की आगे भी अधिकारियों ने मनमाना रवैया अपनाया तो इसके लिए संबंधित विभागों में बात कर उन पर कार्रवाई करने की अनुशंसा की जाएगी। बैठक में जदयू प्रखंड अध्यक्ष विनोद सिंह, सामाजिक सुधार सेनानी प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुरीठ सिंह, जितेंद्र शर्मा, भाजपा नेता विनय शर्मा, डॉ. रामेश्वर सिंह, अनिल कुमार सिंह, अजय सिंह, दीपक वर्मा आदि उपस्थित रहे।