थाने में लगा जनता दरबार तो सबसे ज्यादा पहुंचे भूमि विवाद, इंस्पेक्टर के साथ सीओ भी थे सामने
लंबे समय के बाद बिहार के थानों में जनता दरबार लगने लगा है जहां फरियादी सीधे अधिकारियों के पास शिकायत लेकर पहुंचेंगे। थाने में सीओ यानी अंचलाधिकारी को भी मौजूद रहने को कहा गया है। पहले भी ऐसा होता है।
औरंगाबाद, जेएनएन। लंबे समय के बाद बिहार के थानों में जनता दरबार लगने लगा है, जहां फरियादी सीधे अधिकारियों के पास शिकायत लेकर पहुंचेंगे। थाने में सीओ यानी अंचलाधिकारी को भी मौजूद रहने को कहा गया है। पहले भी ऐसा होता है। इसी कड़ी में शनिवार को मदनपुर थाना परिसर में आम जनता की भूमि से संबंधित समस्याओं को निदान के लिए सीओ अंजू कुमारी के नेतृत्व में जनता दरबार लगाया गया। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं गईं और उसका निराकरण किया गया। जनता दरबार में शिवगंज से बंशी चौधरी, खेलावन महतो के अलावे कई लोग पहुंचे।
जमीन के मसले सुन रहे थे इंस्पेक्टर और सीओ
जनता दरबार में ज्यादातर मामले जमीन से संबंधित पहुंची। कोई बोले मेरे जमीन में मकान का निर्माण कराया जा रहा है। तो किसी ने जमीन कब्जा करने की शिकायत की। वहीं मनिका के रामाशीष सिंह एवं रसलपुर के परमानंद किशोर मिश्रा ने रास्ता को लेकर विवाद की बात कही। नीमा आजन पड़रा के यमुना यादव सहित कई फरियादियों ने जमीन से संबंधित मामले लेकर जनता दरबार में पहुंचे। अंचलाधिकारी ने सभी लोगों से बारी-बारी उनकी समस्याएं सुनीं एवं यथासंभव निदान और निष्पादन का सकारात्मक भरोसा दिलाया। उन्होंने कुछ समस्याओं को सुनकर बोले कि द्वितीय पक्ष को नोटिस भेजकर बुलाया जाएगा। तत्पश्याचात समस्याओं को सुन समझकर उचित फैसला दिया जाएगा।
अब हर शनिवार को लगेगा जनता दरबार
यहां बता दें कि सरकार के आदेशानुसार प्रत्येक शनिवार को थाना परिसर में सीओ एवं थानाध्यक्ष की मौजूदगी में जनता दरबार का आयोजन किया जाना है। जिसमें जनता की समस्याओं को सुनकर सीओ एवं थानाध्यक्ष के द्वारा मामले का निष्पादन किया जाना है। दरअसल आजकल जमीन विवाद को लेकर ही ज्यादातर मारपीट की घटनाएं घट रही है। इन्हीं सब घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने ये फैसला किया है। इन विवादों के निपटारा के लिए जिले के प्रत्येक थाना जनता दरबार लगाकर मामले का शीघ्र निष्पादन करने का बीड़ा उठाया है। इस मौके पर एसआइ शिवराम हेम्ब्रम व सीआई प्रमेश्वर मोची भी उपस्थित रहे।