नवादा में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन करने पर बुरे फंसे मुखिया प्रत्याशी, डीजे समेत प्रचार वाहन जब्त, प्राथमिकी दर्ज
डीजे बजाने पर पूर्णत प्रतिबंध है। इसके बावजूद डीजे बजाया जा रहा था। ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करने के लिए अनुमति भी नहीं ली गई थी। साथ ही प्रचार वाहन की भी अनुमति नहीं ली गई थी।

संवाद सहयोगी, नवादा : क्षेत्र भ्रमण के दौरान नारदीगंज रोड में सदर अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती ने सोमवार को डीजे समेत प्रचार वाहन को जब्त कर लिया। एसडीएम ने बताया कि प्रचार वाहन सदर प्रखंड के झुनाठी पंचायत की मुखिया प्रत्याशी भोलानाथ उर्फ भोली यादव का है। प्रचार वाहन को जब्त कर मुफस्सिल थाना को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि डीजे बजाने पर पूर्णत: प्रतिबंध है। इसके बावजूद डीजे बजाया जा रहा था। ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करने के लिए अनुमति भी नहीं ली गई थी। साथ ही प्रचार वाहन की भी अनुमति नहीं ली गई थी।
24 नवंबर को सदर प्रखंड में होना है मतदान
अवैध तरीके से प्रचार वाहन को क्षेत्र में घुमाया जा रहा था। क्षेत्र भ्रमण के दौरान डीजे लगे प्रचार वाहन पर नजर पड़ी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि मुखिया प्रत्याशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। बता दें कि 24 नवंबर को सदर प्रखंड में मतदान होना है।
पंचायत चुनाव प्रचार का शोर थमा
24 नवंबर को मतदान के मद्देनजर सदर प्रखंड में प्रचार का शोर थम गया है। अंतिम दिन प्रत्याशियों ने क्षेत्र में जमकर पसीना बहाया। कई प्रत्याशियों ने जुलूस निकाल शक्ति का प्रदर्शन किया। वहीं कई प्रत्याशियों ने वोटरों के दरवाजे पर जाकर जीत सुनिश्चित कराने के लिए अपने पक्ष में वोट मांगा। शाम पांच बजे के बाद प्रत्याशी व उनके समर्थक बूथ से संबंधित रणनीति बनाने में व्यस्त रहे। अपने खास व्यक्ति को पोलिंग एजेंट बनाने की कवायद की गई। बता दें कि जिला परिषद सदस्य, मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच व पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
216 बूथों पर कराया जाएगा मतदान
15 पंचायतों वाली सदर प्रखंड में कुल 216 बूथ बनाए गए हैं। जिसमें 190 मूल मतदान केंद्र और 26 सहायक मतदान केंद्र हैं। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ अंजनी कुमार के मुताबिक, सदर प्रखंड में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सदर प्रखंड को कुल 28 सेक्टरों में बांटा गया है। जिसमें दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। कुल 1 लाख 69 हजार 914 वोटर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 87 हजार 816 पुरुष और 81 हजार 993 महिला मतदाता हैं। बता दें कि इस प्रखंड में 15 ग्राम पंचायत मुखिया, 190 ग्राम पंचायत सदस्य, 22 पंचायत समिति, 02 जिला परिषद, 15 ग्राम कचहरी सरपंच तथा 190 ग्राम कचहरी पंच के पदों का निर्वाचन होना है।
Edited By Prashant Kumar Pandey