Nawada: जमानत पर छूटे अपराधियों का कराया गया गुंडा परेड, रजौली थाने में लाइन लगाकर खड़े थे पेशेवर
सोमवार को थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी व सर्किल इंस्पेक्टर अरूण कुमार के समक्ष जमानत (Bail) पर रिहा अपराधियों के द्वारा गुंडा परेड कराया गया। इस गुंडा परेड में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रहने वाले उन युवकों को शामिल किया गया।
संवाद सूत्र, रजौली (नवादा)। थाना परिसर में सोमवार को थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी व सर्किल इंस्पेक्टर अरूण कुमार के समक्ष जमानत (Bail) पर रिहा अपराधियों के द्वारा गुंडा परेड कराया गया। इस गुंडा परेड में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रहने वाले उन युवकों को शामिल किया गया, जो विभिन्न मामलों में पुलिस की गुंडा लिस्ट में शामिल हैं।
ऐसे अपराधियों को थाना पर लाकर गुंडा परेड कराया गया। सभी को पुलिस के द्वारा कड़ी चेतावनी देने के साथ ही नसीहत भी दी गई। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डीएस सावलाराम के निर्देश पर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रहने वाले विभिन्न मामलों में पुलिस की गुंडा लिस्ट में शामिल कुल 21 अपराधियों का नोटिस जारी कर गुंडा परेड कराया गया।
उन्होंने कहा कि समाज में शांति कायम रहे इसके लिए थाने में गुंडा पंजी खोली गई। गुंडा पंजी में शामिल ऐसे सभी युवकों को सख्त चेतावनी और हिदायत देने के साथ कुछ नसीहत भी दी गई। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने बताया थाना क्षेत्र के जमानत पर जेल से बाहर आए अपराधियों का गुंडा परेड कराया गया। घर पर रह रहे अपराधियों को संबंधित थाना में बुलाया गया और उनका आचरण का सत्यापन किया गया।
जेल से छूटने के बाद अपराधियों की क्या गतिविधि है, उनके नियमित आचरण की जानकारी ली गई।थानाध्यक्ष ने कहा कि गुंडा परेड के दौरान जेल से बाहर आए अपराधियों के चरित्र का सत्यापन किया जाता है। उनकी दैनिक गतिविधि के बारे में जानकारी ली जाती है। जिनका आचरण सही हो जाता है, जो अपराध को छोड़ सही रास्ते पर आ जाते हैं, वैसे लोगों का नाम अनुशंसा कर गुंडा पंजी से हटा दिया जाता है। गुंडा परेड के इस मौके पर एसआई मदन प्रसाद सिंह के अलावे अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।