काराकाट में पुलिस के वेश में स्कार्पियो सवार लोगों ने चुराई ग्रामीणों की बकरियां, आरोपितों की खोज जारी
डिहरी गांव से पुलिस के वेश में आए चोरों द्वारा बकरी चुराने का मामला प्रकाश में आया है। बकरी चुरा कर भाग रहे चोरों पर ग्रामीणों ने ईंट - पत्थर से हमला भी किया परन्तु तेज रफ्तार से वे बकरी के साथ गाड़ी लेकर भाग निकलने में सफल हो गए।
जागरण टीम, काराकाट (सासाराम)। काराकाट थाना क्षेत्र के संसार डिहरी गांव से रविवार की रात पुलिस के वेश में आए चोरों द्वारा बकरी चुराने का मामला प्रकाश में आया है। बकरी चुरा कर भाग रहे चोरों पर ग्रामीणों ने ईंट - पत्थर से हमला भी किया, परन्तु तेज रफ्तार से वे बकरी के साथ गाड़ी लेकर भाग निकलने में सफल हो गए। उसी गांव के स्व अयोध्या पासवान की पत्नी विमला कुवंर ने उन अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करने को लिखित आवेदन दिया है।
पीड़िता विमला कुवंर के अलावे कई पड़ोसी महिलाओं ने बताया कि रात लगभग ग्यारह बजे एक उजले रंग की स्कार्पियो में 7- 8 लोग आए। सभी पुलिस की वर्दी में थे। कुछ के हांथ में हथियार था, तो कुछ डंडा थाम रखे थे। उनमें से एक के हांथ डायरी था। पीड़िता के घर के सटे दूसरे झोपड़ीनुमा कमरे मे तीन बकरियां बंधी थी। गाड़ी की आवाज सुन घर की महिलाएं बाहर निकली तो देखा कि लोग बकरियों को लेकर भाग रहे हैं। इनके हो हल्ला पर जुटे ग्रामीण चोरों का पीछा करते हुए ईंट-पत्थर मारने लगे। लेकिन, चोर बकरियों को लेकर भाग निकले। इस घटना से ग्रामीण दहशत में हैं।
मामला संसार डिहरी व किशुनदास डीह के ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगो का कहना है कि अब वास्तविक पुलिस व नकली पुलिस का भेद हम कैसे जान सकते हैं। इस तरह तो कोई भी आसानी से लूट सकता है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल प्रसाद ने बताया कि पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस सच्चाई का पता लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।