रोहतास में बेकाबू होकर सड़क पर पलटी तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
रोहतास जिले में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि वे काफी तेजी से बाइक चला रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के पटनवा गांव के निकट एनएच 119 पर बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतक की पहचान राजपुताना मोहल्ला निवासी स्व विजय प्रसाद के पुत्र भोला कुमार (24) के रूप में हुई। घायल युवक आनंद कुमार है।
सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटती रही बाइक
थानाध्यक्ष सरफराज हुसैन ने बताया कि दोनों युवक अपनी बाइक से डेहरी से इंद्रपुरी की ओर आ रहे थे। गाड़ी तेज रफ्तार में होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तेज रफ्तार के कारण दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को उठाकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने भोला को मृत घोषित कर दिया। वहीं आनंद की स्थिति गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। डेहरी में एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज कराया जा रहा है। स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
बिना हेलमेट तेज रफ्तार से चला रहे थे बाइक
थानाध्यक्ष ने बताया कि एक तो बाइक की रफ्तार काफी ज्यादा थी। दूसरी ओर दोनों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। इस वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ। बताते चलें कि मंगलवार को भी तेज रफ्तार से गाड़ी चलाए जाने को लेकर एक अज्ञात व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो गया था। उसे स्थानीय लोगों द्वारा उसे अन्यत्र कहीं इलाज के लिए भेजा गया है। उसकी बुलेट गाड़ी थाने की पुलिस ने कब्जे में ले रखी है। लेकिन आज तक न तो वाहन स्वामी पहुंचा है न ही घायल की पहचान हो सकी है। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस उसका पता लगाने में जुटी है।