तेज रफ्तार ने फिर बुझाया दो घरों का चिराग, औरंगाबाद में ट्रैक्टर से टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत
औरंगाबाद में बराही बाजार स्थित आरा मशीन के पास ट्रैक्टर से बाइक टकराने के कारण दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मुआवजे के लिए स्वजनों ने पौथू-ओबरा पथ को जाम कर दिया।
संवाद सूत्र, रफीगंज (औरंगाबाद)। लापरवाही और तेज रफ्तार का कहर जारी है। आए दिन यह लोगों की जान ले रहा है। हर बार हादसे के बाद सड़क जाम, मुआवजे का आश्वासन का सिलसिला चलता रहता है। लेकिन स्वजनों पर जो दुखों का पहाड़ टूटता है उसकी भरपाई किसी मुआवजे से और आश्वासन से नहीं हो पाती। अधिकतर हादसे की वजह वाहन चालक की लापरवाही होती है। बुधवार रात भी ऐसा ही हुआ। पौथू-ओबरा पथ पर पौथू थाना क्षेत्र के बराही बाजार स्थित आरा मशीन के पास खड़े ट्रैक्टर में बाइक सवार ने जबरदस्त टक्कर मार दी। मौके पर ही बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने मुआवजे के लिए सड़क जाम कर दिया।
ट्रैक्टर से टकरा गई बाइक, घटनास्थल पर ही मौत
बताया जाता है कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक ओबरा प्रखंड के कनोखर गांव निवासी भगवान सिंह के पुत्र जितेंद्र यादव और रामलखन यादव के पुत्र किशुन यादव थे। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास थी। घटना के बाद स्वजनों ने मुआवजे की राशि के लिए ओबरा-पौथू पथ को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पौथू थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पहुंचे। आक्रोशितों को समझाने में जुटे गए। लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे।
जानकारी मिली कि बाइक पर सवार होकर दोनों युवक रफीगंज की तरफ से ओबरा स्थित अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही बाइक सवार बराही बाजार से कुछ मीटर आगे बढ़े कि आरा मशीन के पास खड़े ट्रैक्टर में टकरा गए। घटना के बाद स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा था। आक्रोशित स्वजन मुआवजे की मांग पर अड़े थे। थानाध्यक्ष ने कहा कि युवक ओबरा प्रखंड के रहने वाले थे। इसलिए मुआवजे की राशि ओबरा में ही दी जाएगी।