स्नातक की सीटों में जल्द हो इजाफा, वरना विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ होगा जोरदार आंदोलन
सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज की छात्र संघ अध्यक्ष आशिका ने स्नातक में सीटें बढ़ाए जान की मांग विवि प्रशासन से की है। चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं किए जाने पर छात्रों को साथ लेकर उग्र आंदोलन को बाध्य होंगी।
जेएनएन, औरंगाबाद। सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज की छात्रसंघ अध्यक्ष आशिका सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के प्रति असंवेदनशील रहने का आरोप लगाया है। कहा है कि ऐसी स्थिति में आंदोलन के सिवा दूसरा विकल्प नहीं रह जाता है।
प्रेस बयान जारी करके आशिका सिंह ने कहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन कई बार आग्रह करने के बावजूद स्नातक में सीटें नहीं बढ़ा रहा। सीट बढ़ने के सवाल पर केवल आश्वासन दिया जाता है। परंतु मैं यह स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि हजारों छात्र स्नातक में नामांकन से वंचित रह गए। वे दर-दर भटकने पर मजबूर हैं। अगर जल्द से जल्द सीट नहीं बढाई जाती है तो छात्र-छात्राओं को इसी तरह की परेशानियां झेलनी होगी। ऐसे में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
आशिका सिंह ने कहा है कि औरंगाबाद के छात्र-छात्राओं ने मुझ पर भरोसा दिखाकर बड़ी उम्मीद के साथ मुझे छात्र संघ का अध्यक्ष बनाया था। ताकि मैं छात्र-छात्राओं की समस्याओं को दूर करवा सकूं। इसके लिए प्रयासरत भी हूं। अगर विश्वविद्यालय या महाविद्यालय किसी भी तरह का समस्या खड़ा करता है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द से जल्द सीटें नहीं बढ़ाई गई तो छात्र-छात्राओं को साथ लेकर आंदोलन को तैयार हूं।