प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूद कर दी जान, पहचान नहीं होने से औरंगाबाद पुलिस परेशान
ब्वॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड ने ऐसा कदम उठाया है जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। औरंगाबाद की पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। दोनों ने ऐसा फैसला क्यों किया इसको लेकर औरंगाबाद में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
औरंगाबाद,जागरण संवाददाता। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के जम्होर थाना क्षेत्र के कुरम्हा स्टेशन के पास मंगलवार की रात ट्रेन से कटकर प्रेमी युगल ने जान दी है। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची जम्होर थाना पुलिस ने प्रेमी युगल का शव बरामद किया है। पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। बुधवार की सुबह पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए दोनों के शव को थाना में रखा गया है।
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दोनों के शव का पोस्टमार्टम करा पहचान के लिए 72 घंटे तक थाना में रखा जाएगा। दोनों ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है। पहचान के लिए अपने थाना क्षेत्र के सभी चौकीदारों के साथ दूसरे थाना पुलिस को सूचना दी गई है। बताया कि दोनों की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष है। जबतक पहचान नहीं हो जाती तब तक घटना के बारे में जानकारी देना संभव नहीं है। प्रथम ²ष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लगता है। बताया कि दोनों का शव क्षत विक्षत स्थिति में बरामद किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटकर जान दिए हैं। ब्वायफ्रेंड और गर्लफ्रेंड ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसकी चर्चा लोगों के बीच हो रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बता दें कि 22 नवंबर को एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के सोननगर- डाल्टेनगंज रेलखंड पर सलैया रेलवे स्टेशन के पास दोनों प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दी थी। दोनों एक ही गांव के थे पर जाति अगल थी। दोनों शादी करना चाहते थे पर दोनों के स्वजन तैयार नहीं हुए तो दोनों ने ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। विवेक कुमार एवं रीमा कुमारी ने जान दी थी। बताया जाता है कि विवेक कोचिंग चलाता था।